चीन से हिमाचल के बेटे का संदेश- घर में रहकर योग से भगाएं कोरोना
चीन के संघाई से हिमाचल के बेटे ने देशवासियों को घर में ही रहकर और योग कर कोरोना भगाने का संदेश दिया है। चंबा जिले के रवि कुमार पिछले पांच साल से चीन में लोगों को योग की शिक्षा दे रहे हैं। वह रोजाना फेसबुक लाइव के जरिये लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के टिप्स दे रहे हैं। साथ ही अपील कर रहे हैं कि सरकार के निर्देशों का सभी पालन करें।
लोग भी उनसे चीन के ताजा हालात का अपडेट ले रहे हैं। रवि कुमार (30) ने चीन की लड़की से शादी की है। उनका कहना है कि नवंबर 2019 से चीन के वुहान शहर से कोरोना से कितनी मौतें हुई हैं, इसका सही अनुमान अभी नहीं लगाया जा सका है। चीन में अब स्थिति सामान्य हो रही है। कुछ जगह अभी भी मामले सामने आ रहे हैं। कहा कि उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर कोरोना से बचाया है।
योग गुरु के नाम से मशहूर रवि ने देशवासियों को नारा दिया है कि ‘बाहर हमने जाना नहीं, अंदर कोरोना आना नहीं’। कहा कि इससे बचने का एकमात्र उपाय लॉकडाउन ही है। उनके अनुसार भारत में एक महीने तक लॉकडाउन के बाद हालात सामान्य हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह चीन में दो से ढाई महीने लॉकडाउन रहे हैं। कहा कि मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखे, सैनिटाइजर का प्रयोग करें और बार-बार हाथ धोते रहें। रवि ने हंता वायरस पर कहा कि अफवाहों पर न जाएं। सर्दी-जुकाम होते ही अस्पताल में जांच करवाएं।
मांस खाने से करें परहेज
रवि ने लोगों से अपील की है कि रोजाना योग करें और शाकाहारी भोजन ही लें। ऐसी परिस्थितियों में मांस, चिकन और व अंडे खाने में परहेज करें। दाल-सब्जियों को बनाने से पहले खूब धोएं। भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, औरों को भी ऐसा करने से रोकें।
राजनेता भी नी निभाएं अपना धर्म
रवि ने देश के राजनेताओं से भी मानवता की सेवा करने का आह्वान किया। कहा कि जनता ने उन्हें पहचान दी है, अब लोगों की सहायता के लिए नेताओं को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने पंचायतीराज प्रतिनिधियों से गांव-गांव जाकर इस बारे में जागरूक करने की अपील की है।