हिमाचल: सोलन में दोस्त के कमरे में फंदे से लटका मिला सिरमौर का युवक, कैटरिंग का करता था काम
सोलन शहर के जौणाजी रोड स्थित किराये के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला है। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के जौणाजी रोड स्थित किराये के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला है। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि जिस कमरे में युवक फंदे से लटका मिला, वह कमरा उसके दोस्त का है। जबकि, युवक अपने जीजा के साथ कोटलानाला में रहता था। पिछले काफी समय से सोलन में कैटरिंग का काम करता था। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव कब्जे में ले लिया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
युवक की पहचान 22 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र सुंदर सिंह निवासी गांव व डाकखाना टटियाना तहसील कमरउ जिला सिरमौर के तौर पर हुई है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी शहर सोलन में सूचना मिली कि जौणाजी रोड पर स्थित ठाकुर भवन में एक युवक फंदे से लटका मिला है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची।युवक पंखे से फंदा लगाकर लटका हुआ था। मौके से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन, शराब की बोतल के टुकड़े और रस्सी के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं पाया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक की विशेषज्ञ टीम से भी निरीक्षण करवाया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि पंकज कुमार जिस कमरे में फंदे से लटका मिला, वह उसके दोस्त कुलदीप सिंह निवासी सिरमौर का है। वह भी पंकज के साथ कैटरिंग का काम करता है। 6 नवंबर को कुलदीप अपने गांव टटियाना, सिरमौर गया हुआ था। रात के समय कुलदीप को अनुज नामक युवक का फोन आया कि उसे पंकज का फोन आया था। उसने कहा कि वह सुसाइड कर रहा है और कल से वह तुम लोगों को नहीं मिलेगा। इसके बाद जब 7 नवंबर को कुलदीप एक अन्य व्यक्ति वीरेंद्र शर्मा के साथ अपने कमरे में पहुंचा तो पाया कि पंकज पंखे से लटका हुआ था। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले में सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई कर रही है।