Himachal News: चिट्टा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश, उत्तर प्रदेश के सरगना सहित तीन गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने चिट्टा मामले में मुख्य सप्लायर को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक और संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रोहड़ू थाना पुलिस ने इस मामले में स्थानीय स्तर पर संलिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 53.13 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। साथ ही गहन अन्वेषण के माध्यम से गिरोह के मुख्य सप्लायर को भी उत्तर प्रदेश से धर दबोचा है।
रोहड़ू थाना पुलिस को 26 मार्च को सूचना प्राप्त हुई कि गुदड़ू मोहल्ला रोहडू स्थित पिंकू राम की दुकान में कुछ युवक चिट्टा की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। पुलिस दल उक्त स्थान पर पहुंचा। नियमानुसार स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिंकू राम निवासी गांव कनेवरा डाकघर कांसाकोटी तहसील और सुनील पुहारता निवासी गांव शरौंथा तहसील टिक्कर थाना रोहडू से 53.13 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस थाना रोहडू में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्वेषण के दौरान तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों के परीक्षण और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि उक्त बरामदगी के पीछे एक संगठित सप्लाई नेटवर्क सक्रिय था। जांच में पाया गया कि आरोपी पिंकू राम सप्लायर सलमान हैदर निवासी गांव रसूलपुरा सैय्यद डाकघर राजपुरा नवादा तहसील नजीबाबाद जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश के लिए रोहडू क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का कार्य कर रहा था। सलमान हैदर पूर्व में रोहड़ू बाजार में मैकेनिक के रूप में कार्य कर चुका है। उसी दौरान उसने स्थानीय नेटवर्क विकसित कर मादक पदार्थों की सप्लाई श्रृंखला स्थापित की।
सलमान हैदर पूर्व में कई बार भारी मात्रा में चिट्टा आरोपी पिंक राम को उपलब्ध करवा चुका है, जिसे आगे स्थानीय स्तर पर युवाओं को बेचा जाता था। इस प्रकार सलमान हैदर इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर एवं संचालक पाया गया।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु विशेष टीम का गठन कर उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। शनिवार को आरोपी सलमान हैदर को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से जारी है।