हैवलॉक टापू पर चक्रवात में फंसे हिमाचल के पांच विधायक, ऐसे किए रेस्क्यू
हिमाचल के पांच विधायक अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आए चक्रवात के चलते रविवार को कई घंटे हैवलॉक टापू पर सैलानियों के साथ फंसे रहे। पांचों विधायक हिमाचल विधानसभा की मानव विकास समिति सदस्य के तौर पर अध्ययन प्रवास पर थे।
बाद में हिमाचल के मुख्यमंत्री और अंडमान निकोबार प्रशासन के प्रयासों से विधायकों को सैलानियों के साथ पोर्ट ब्लेयर पहुंचाया गया। विधायकों की समिति विधायक बलवीर चौधरी की अध्यक्षता में तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार के अध्ययन प्रवास पर गए थे।
समिति में शामिल विधायक बलवीर चौधरी, विनय कुमार, जीतराम कटवाल, सुभाष ठाकुर व बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने चक्रवात में फंसने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क साधा गया।
क्रूज की चार घंटे की यात्रा करा पोर्ट ब्लेयर पहुंचाया
शौरी ने पोर्ट ब्लेयर पहुंचने के बाद फोन से बताया कि अचानक चक्रवात आने से वे अन्य विधायकों और सैलानियों के साथ करीब तीन घंटे तक फंसे रहे। खराब मौसम में मूसलाधार बारिश होने लगी थी।
उनका सामान भी खराब हो गया। पूरे इलाके में हाई अलर्ट कर दिया गया। उनके साथ परिवार सदस्य और कई सैलानी भी मौजूद थे। उन्होंने तुरंत प्रदेश के मुख्यमंत्री से संपर्क किया, जहां से स्थानीय प्रशासन को भी सूचना दी गई। विधायक ने बताया कि तीन घंटे सभी परेशान रहे।
बाद में उन्हें स्थानीय प्रशासन की मदद से क्रूज की चार घंटे की यात्रा करा पोर्ट ब्लेयर पहुंचाया गया। विधायक के अनुसार हालात बेहद चिंताजनक हो गए थे, लेकिन सरकारी स्तर पर किए गए प्रयासों से फंसे विधायकाें और सैलानियों को सुरक्षित पोर्ट ब्लेयर पहुंचा दिया गया।