Himachal News: हिमाचल के 51 स्थानीय निकायों में बजा चुनावी बिगुल, 17 मई को होगा मतदान; जानें विस्तार से
Himachal Local Body Election 2026: हिमाचल निर्वाचन आयोग ने 51 शहरी निकायों में चुनाव करवाने का एलान किया है। 17 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना की जाएगी। शहरी निकायों के चुनाव ईवीएम से होंगे। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी स्थानीय निकायों में चुनावी बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी होते ही इन निकायों में आचार संहिता लागू कर दी गई है। 17 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों में मतदान के तुरंत बाद ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना की जाएगी। इन चुनावों में 3,60,859 लोग मतदान करेंगे। इनमें 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14 अन्य मतदाता होंगे। शहरी निकायों के चुनाव ईवीएम से होंगे। चार नगर निगमों के चुनाव पार्टी चिह्न पर होंगे, जबकि निर्दलीय मतदाताओं को निर्वाचन आयोग चिह्न देगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने प्रेसवार्ता में कहा कि चुनाव के लिए कुल 589 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। यदि किसी क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या अधिक पाई जाती है या अन्य आवश्यकताएं सामने आती हैं, तो सहायक पोलिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।
यह पोलिंग स्टेशन संबंधित भवन में ही बनेंगे। महिलाओं के लिए अलग से पोलिंग स्टेशन होंगे, जहां सुरक्षा के लिए महिला पुलिस तैनाती होगी। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। मतदान के दिन और मतगणना के दिन शराब के ठेके बंद रहेंगे। इसके अलावा संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव का शेड्यूल 28 अप्रैल को जारी हो सकता है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने इसके संकेत दिए हैं। 189 नई पंचायतों के गठन के बाद मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।
चुनाव वाले क्षेत्रों में ही लागू हुई आचार संहिता
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। अभी चुनाव वाले क्षेत्रों में ही आचार संहिता लागू की गई है। आयोग का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता है।
हिमाचल प्रदेश में 75 शहरी निकाय है, जिनमें से 51 में ही चुनाव हो रहे हैं। 22 शहरी निकाय नए हैं। इनमें पहले से ही चुनाव न कराने का फैसला लिया गया था, दो शहरी निकायों शिमला के नारकंडा और रोहड़ू में अभी मतदाता सूचियां तैयार नहीं हैं। इन निकायों में बाद में चुनाव कराने का फैसला लिया है।
- नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि 29 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक
- नामांकन पत्रों की जांच - 4 मई सुबह 10 बजे से
- नामांकन पत्रों की वापसी और चिह्न आवंटन- 6 मई सुबह 10 से अपराह्न 3 बजे से पूर्व तक
- मतदान - 17 मई, नगर पंचायत और परिषद के नतीजे भी उसी दिन होंगे घोषित
- नगर निगम के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे से नगर निगम मुख्यालय में होगी
इस बार 1,808 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनमें 961 पुरुष और 847 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग भी उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चला रहा है।