हिमाचल पुलिस को मिले तीन डीएसपी और 15 सब इंस्पेक्टर
हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में शनिवार को दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिरकत की। उन्होंने पुलिस जवानों की भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में पास आउट होने वाले 12वें बैच के तीन डीएसपी और 8वें बैच के 15 प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टरों को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह के प्रधानाचार्य आईजी अतुल फुलझेले ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। परेड में डीएसपी और पीएसआई के साथ आरटीसी प्रशिक्षण ले रहे जवानों की 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। एक वर्ष तक चले इस प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों को आंतरिक व बाहरी विषयों का साइंटिफिक तरीके से प्रशिक्षण दिया गया। इन्हें कानून के हर उस पहलू का बारीकी से अध्ययन करवाया गया जो इन्हें अपनी नौकरी के दौरान बहुत कारगर सिद्ध होगा।
भव्य परेड का नेतृत्व परेड कमांडर के रूप में डीएसपी प्रो. प्रणव चौहान ने किया। वहीं, सेकंड इन कमांड का नेतृत्व डीएसपी देवराज ने किया। 16 टुकड़ियों में सुसज्जित भव्य परेड में 15 प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टरों ने अपनी अहम भूमिका निभाई। जवानों ने तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कमांडो दस्ते ने भी अपने करतब दिखाए। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, खेल मंत्री राकेश पठानिया, विधायक रविंद्र धीमान, मुल्क राज प्रेमी, विशाल नैहरिया, अरुण कुमार कूक्का और पीटीसी के एसपी रमेश चंद्र छाजटा, एडिशनल एसपी प्रवीण धीमान, डीएसपी व कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह में ये हुए पास आउट
दीक्षांत समारोह में तीन डीएसपी और 15 प्रोबेशनर सब इंस्पेक्टर पास ऑउट हुए। इनमें डीएसपी विजय कुमार, डीएसपी प्रणव चौहान और डीएसपी देशराज शामिल रहे। यह तीनों पुलिस हेड क्वार्टर शिमला में अपनी सेवाएं देंगे। पास ऑउट हुए 15 सब इंस्पेक्टरों में पूनम, शिवकुमार, अमित शर्मा, अजय सिंह, नवनीत सैनी सब इंस्पेक्टर प्रथम बटालियन जुन्गा में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं, एसआई गुरबख्श,अखिलेश सिंह, रजत राणा, संजय कुमार सब इंस्पेक्टर फर्स्ट आईआरबीएन बनगढ़ में अपनी सेवाएं देंगे। सब इंस्पेक्टर जयराम कुमार शर्मा, आदेश कुमार सेकंड आईआरबी सकोह में अपनी सेवाएं देंगे। सब इंस्पेक्टर आशीष कौशल, सब इंस्पेक्टर गगन सिंह, थर्ड आईआरबीएन पंडोह और सब इंस्पेक्टर पवन कुमार, सब इंस्पेक्टर मुकुल शर्मा फोर्थ आईआरबीएन जंगलबैरी में अपनी सेवाएं देंगे।
पालमपुर के बनूरी में शिफ्ट होगा एडीजीपी कार्यालय
प्रदेश के इकलौते पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह को सरकार पांच साल तक हर वर्ष 10 करोड़ रुपये जारी करेगी। यह एलान शनिवार को पीटीसी में आयोजित दीक्षांत परेड के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का इकलौता प्रशिक्षण महाविद्यालय हर सुविधा से लैस होगा। सीएम ने पीटीसी परिसर में लाखों की लागत से निर्मित 50 लोगों के निवास के लिए बनाए गए तीन मंजिला भवन का उद्घाटन भी किया। पीटीसी के प्रशिक्षण कार्य में और अधिक निखार आए, इसके लिए पालमपुर के बनूरी में एडीजीपी आर्म्ड एंड पुलिस ट्रेनिंग के पद को भी शिमला से शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस की सबसे अधिक पांच बटालियन जिला कांगड़ा व इसके आसपास काम कर रही हैं और इस कार्य की देखरेख एडीजीपी आर्म्ड एंड पुलिस ट्रेनिंग पालमपुर से बहुत बेहतर तरीके से की जा सकती है। इसके अतिरिक्त नूरपुर उपमंडल में एडिशनल एसपी के पद को भी स्वीकृत किया जा रहा है ताकि पंजाब के साथ लगती सीमाओं से किसी प्रकार के अवैध चिट्टे व अन्य मादक सामग्री पर रोक लगाई जा सके। मुख्यमंत्री ने पासआउट होने वाले डीएसपी और प्रवेशनर सब इंस्पेक्टरों को अपने कोर्स में अव्वल रहने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने पासआउट होने वाले पुलिस अधिकारियों को कानून के दायरे में रहते हुए देश व प्रदेश की जनता की सेवा करने का आह्वान किया।