Kullu Vehicle Fire Incident: कुल्लू के समीप गांधीनगर में छह गाड़ियां जलकर राख, लाखों का नुकसान
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में पार्किंग में खड़ी छह गाड़ियां जलकर राख हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब दो बजे यहां पर जल रहे कूड़े के चलते अचानक एक गाड़ी में अचानक आग लग गई।
विस्तार
कुल्लू जिला मुख्यालय स्थित गांधीनगर नाला में शनिवार रात आग लगने से छह गाड़ियां जलकर राख हो गई। इन गाड़ियों को कुल्लू-भुंतर मुख्य सड़क के साथ नाला के समीप खड़ी किया हुआ था। आग की घटना में 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यहां पर जल रहे कूड़े के कारण अचानक गाड़ियों में चिंगारी भड़क उठी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
जल रहे कूड़े से पकड़ी आग
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को रोजाना की तरफ गांधीनगर के नाला में सड़क किनारे करीब 10 से अधिक वाहनों को खड़ा किया गया हुआ था। शनिवार रात करीब दो बजे यहां पर जल रहे कूड़े के चलते अचानक एक गाड़ी में अचानक आग लग गई। इसके बाद अन्य गाड़ियों में भी आग की लपटें उठीं। यहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने यह नजारा देखा तो इसका पता चला। दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दी गई।
मौके पर दमकल विभाग ने बुझाई आग
दमकल का वाहन मौके पर पहुंचने से यहां नींद में सोए लोग नींद से जागे, जब लोगों ने बाहर देखा तो गाड़ियों में आग की लपटें उठ रही थीं। आग की घटना में राजेंद्र कुमार, मोहर सिंह, कर्म सिंह, ओमा देवी, देवराज, कुश भारद्वाज की गाड़ियां जलीं। गनीमत यह रही कि यह घटना जिला मुख्यालय में पेश आई। समय पर दमकल टीम पहुंचने से आग पर समय रहते काबू पाया गया, अन्यथा सभी गाड़ियां आग की चपेट में आ जातीं।
'20 लाख रुपये का नुकसान'
अग्निशमन विभाग के सब फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि छह कारें जलने से करीब 20 लाख रुपये की क्षति हुई है। जबकि दमकल ने लाखों की संपत्ति को मौके पर पहुंचकर बचाया है। वहीं, एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि आग की इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
शुरढ़ के जंगल में लगी आग
भुंतर तहसील के तहत आने वाले शुरढ़ में चीड़ के जंगल में बीती रात आग की घटना हुई। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। कुल्लू जिले में चीड़ के जंगलों में लगातार आग की घटनाएं सामने आ रही हैं।