{"_id":"5f1ac1298ebc3e9ff02e7522","slug":"himachal-news-in-hindi-minjar-fair-chamba-2020-ritual-and-celebrations","type":"story","status":"publish","title_hn":"मिंजर मेले की रस्म अदायगी कल, चार घंटे सील रहेंगे चंबा शहर के ये वार्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मिंजर मेले की रस्म अदायगी कल, चार घंटे सील रहेंगे चंबा शहर के ये वार्ड
Sat, 25 Jul 2020 08:55 AM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, चंबा
अमर उजाला नेटवर्क, चंबा
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sat, 25 Jul 2020 08:55 AM IST
विज्ञापन
फाइल फोटो
कोरोना के खौफ के बीच रविवार से शुरू हो रहे चंबा के ऐतिहासिक मिंजर मेले की केवल रस्म अदायगी ही होगी। शोभायात्रा में भाग लेने के लिए चुनिंदा लोगों को ही पास जारी किए गए हैं। इस दौरान प्रशासन शहर के चार वार्डों चौगान, हटनाला, चौंतड़ा और सपड़ी को चार घंटे तक सील रखेगा।
विज्ञापन
सुबह नौ बजे से एक बजे तक यह पाबंदी रहेगी। इस दौरान इन मोहल्लों के लोग घरों से बाहर नहीं निकलेंगे। किसी भी तरह का वाहन नहीं चलेगा। दुकानें बंद रहेंगी। प्रशासन ने इस बारे में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अवहेलना पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। प्रशासन की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद कोरोना संक्रमण की रोकथाम करना है।
विज्ञापन
कोविड-19 के चलते देश और प्रदेश में मेलों के आयोजन पर रोक लगी हुई है। ऐसे में प्रशासन इन मेलों की प्रथा को कायम रखने के लिए रस्म अदायगी ही करवा रहा है। अप्रैल माह में सूही माता मेले में भी रस्म अदायगी की थी। बहरहाल, मिंजर मेले को लेकर भी यही व्यवस्था जारी रहेगी। मिंजर मेले की शोभायात्रा नगर परिषद कार्यालय चंबा से निकलेगी और लक्ष्मीनाथ मंदिर में मिंजर चढ़ाने के बाद चौगान नंबर एक में पहुुंचेंगी। जहां मिंजर का ध्वजारोहण किया जाएगा।
विज्ञापन
शोभायात्रा में वही लोग भाग ले पाएंगे, जिन्हें उपमंडलीय प्रशासनिक कार्यालय से पास जारी किए जाएंगे। नौ बजे से लेकर एक बजे के बीच भरमौर चौक से लेकर शहर के मुख्य बाजार तक वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। मेडिकल इमरजेंसी और सरकारी सेवाओं के लिए इस अवधि के दौरान रियायतें रहेंगी।
सील वार्डों में पुलिस रहेगी तैनात
मिंजर मेले की शोभायात्रा के दौरान सील रहने वाले वार्डों में पुलिस बल तैनात रहेगा। इस दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।