नकाब पहनकर आए शातिर ने फ्रूट कंपनी कार्यालय से चुराए साढ़े पांच लाख रुपये
बल्ह क्षेत्र की डडौर सब्जी मंडी में चोरी की वारदात सामने आई है। नकाब पहन कर आए शातिरों ने सब्जी मंडी में हिमाचल फ्रूट कंपनी के कार्यालय का लॉकर तोड़ कर करीब पांच लाख साठ हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार रात हुई चोरी से हड़कंप मचा है। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी कार्यालय में लगे सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में लिया है।
इससे पता चला है कि रात करीब डेढ़ बजे नकाबपोश ने चोरी की वारदात को बड़ी सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया है। इससे पहले भी नेरचौक में चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। इससे कारोबारियों में दुकानों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है। हिमाचल फ्रूट कंपनी के मालिक नंदलाल सैणी, धर्म सिंह सैणी, हीरा सिंह सैणी, तेज राम आदि का कहना है कि बुधवार रात सब्जी मंडी का काम खत्म होने के बाद सभी लोग रात करीब दस बजे अपने-अपने घर चले गए।
सब्जी मंडी में पल्लेदार और चालक ही मौजूद थे। शातिर रात डेढ़ बजे सब्जी मंडी में प्रवेश हुआ। लॉकर को तोड़कर 5 लाख 60 हजार रुपये उड़ा लिए। एसएचओ बल्ह राजेश ठाकुर का कहना है कि मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहा कि कुछ लोगों की पहचान कर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
दूसरी दुकानों में भी ताकझांक, किसी को पता नहीं चला
सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश आसपास की करीब छह दुकानों में ताकझांक करता पाया गया। शातिर इस वारदात को अंजाम दे गया लेकिन सब्जी मंडी में मौजूद लोगों को पता ही नहीं चला। सब्जी मंडी की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना शुरू हो गए हैं। चर्चा है कि यह किसी एक का नहीं पूरे गिरोह का काम है।
यहां-यहां से आई थी पेमेंट
प्रभावितों ने बताया कि बुधवार रात को हुई चोरी में जंजैहली और सरकाघाट क्षेत्रों के आढ़तियों से 7,33,489 रुपये की नकदी आई थी। इसे दुकान में ही रखा था। नकदी से कुछ उन्होंने पेमेंट कर दी। शेष राशि को लॉकर में रखा था। इस बार में कुछ लोगों को ही जानकारी थी।