हिमाचल: 26 अक्तूबर से बदलेगा गगल एयरपोर्ट से उड़ानों का शेड्यूल
इस दौरान जहां एक विमानन कंपनी उड़ानों की संख्या को कम करेगी, वहीं अन्य आने वाली उड़ानों के समय में भी बदलाव होगा।
विस्तार
गगल हवाई अड्डे पर उतरने वाली उड़ानों का शेड्यूल 26 अक्तूबर से बदल जाएगा। इस दौरान जहां एक विमानन कंपनी उड़ानों की संख्या को कम करेगी, वहीं अन्य आने वाली उड़ानों के समय में भी बदलाव होगा। इसके अलावा दिल्ली से गगल एयरपोर्ट पर उतरने वाले विमानों की संख्या भी सिमट कर तीन के करीब पहुंच जाएगी, जबकि मौजूदा समय में चार से पांच उड़ानों का शेड़्यूल जारी है। जानकारी के अनुसार विंटर शेड्यूल में दिल्ली-चंडीगढ़ से गगल एयरपोर्ट के लिए होने वाली उड़ानों की समय में बदलाव 26 अक्तूबर से होने जा रहा है।
बुकिंग साइट के अनुसार दिल्ली से गगल के लिए पहली उड़ान 8:10 बजे उड़ान भरेगी, जबकि मौजूदा समय में यह उड़ान 6:40 बजे गगल के लिए उड़ान भरती है। इसके अलावा विमानन कंपनी स्पाइस जेट भी अपनी उड़ानों की संख्या में कमी करेगी। 26 अक्तूबर के बाद गगल एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट विमानन कंपनी की एक ही उड़ान शेड्यूल में है। जबकि मौजूदा समय में दो उड़ानें हैं। वहीं विमानन कंपनी इंडिगो की सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को दो-दो उड़ानें दिल्ली से गगल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगी, जबकि बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को एक-एक उड़ान प्रस्तावित है। वहीं विमानन कंपनी एलायंस एयर की एकमात्र उड़ान रविवार को ही प्रस्तावित है।
सर्दियों में कम हो जाती हैं उड़ानें
उल्लेखनीय है कि विमानन कंपनियों को वर्ष में दो बार समर और विंटर सीजन के तहत शेड्यूल जारी होता है। इस दौरान समर सीजन के दौरान जहां उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी होती है, वहीं सर्दियों के शेड्यूल में अकसर उड़ानों में कमी देखी गई है।