Shimla: मंत्री भारद्वाज कसुम्पटी से लड़ेंगे चुनाव, शिमला शहरी से ‘चाय वाले’ को टिकट
शिमला शहरी विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा ने ‘चाय वाले’ पर दांव खेला है।मंत्री सुरेश भारद्वाज की शिमला शहरी सीट बदलकर पार्टी कसुम्पटी हलके से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला शहरी विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा ने ‘चाय वाले’ पर दांव खेला है। पार्टी ने इस सीट पर पूर्व पार्षद संजय सूद को अपना प्रत्याशी बनाया है। संजय सूद वर्तमान में प्रदेश भाजपा में कोषाध्यक्ष हैं। शिमला के ओल्ड बस स्टैंड में इनकी चाय की दुकान है। वहीं, मंत्री सुरेश भारद्वाज की शिमला शहरी सीट बदलकर पार्टी कसुम्पटी हलके से उम्मीदवार बनाया गया है। कसुम्पटी से कांग्रेस विधायक अनिरुद्व सिंह के खिलाफ भारद्वाज को मैदान में उतारा गया है। इससे भारद्वाज के समर्थकों में मायूसी है। सुरेश भारद्वाज लगातार तीन बार शिमला शहर से कांग्रेस को पटखनी दे चुके हैं और चौथी मर्तबा भी शहर से चुनाव लड़ने को तैयार थे। लेकिन अब उनकी सीट किसी और को मिल गई है। भारद्वाज मूल रूप से जिला शिमला के रोहडू के रहने वाले हैं। शिमला शहर में ऊपरी शिमला के मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले न्यू शिमला, पंथाघाटी, मल्याणा , मैहली , ढली, समिट्री और कंगनाधार में भी अच्छी खासी संख्या में ऊपरी शिमला के मतदाता हैं।
अब उन मतदाताओं को भारद्वाज अपने वोट में कितना बदल पाते हैं यह देखना दिलचस्प होगा। यहां उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस के अनिरुद्व सिंह के साथ होगा। यहां पर माकपा के कुलदीप सिंह तंवर भी चुनावी मैदान में हैं। अनिरुद्ध लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। पहले चुनाव में कसुम्पटी विधानसभा से अनिरुद्ध 9800 और दूसरे चुनाव में 9300 वोटों से चुनाव जीते। मौजूदा समय में इस विधानसभा क्षेत्र में करीब 70 हजार मतदाता हैं, जो प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेंगे। भाजपा का मानना है कि सुरेश भारद्वाज की छवि एक ईमानदार नेता की रही है और जयराम ठाकुर सरकार में मंत्री रहे हैं इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ भारद्वाज ही कड़ी टक्कर देने में कामयाब होंगे।
उधर, शिमला शहर से संजय सूद को चुनावी मैदान में उतारने को लेकर भारद्वाज गुट विरोध में खड़ा हो गया है। बीते विधानसभा चुनाव में भी संजय सूद भाजपा टिकट की दौड़ में थे लेकिन भारद्वाज टिकट झटकने में कामयाब हो गए थे। शिमला शहर से कांग्रेस की टिकट पर असमंजस बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि सुरेश भारद्वाज के साथ संजय सूद का 36का आंकड़ा किसी से छिपा नहीं है।
निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी विजय ज्योति सेन
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से सुरेश भारद्वाज को भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने से नाराज विजय ज्योति सेन ने बगावत कर दी है। विजय ज्योति सेन कसुम्पटी से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि विजय ज्योति सेन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की भाभी हैं। कसुम्पटी विधानसभा सीट पर 2012 से लेकर लगातार दो बार से कांग्रेस नेता अनिरुद्ध सिंह जीत दर्ज कर रहे हैं। 2017 में विजय ज्योति सेन भाजपा उम्मीदवार थीं। अनिरुद्ध सिंह ने विजय ज्योति सेन को हराया था।