सिरमौर: 41 पुलिस कर्मचारियों को जारी नहीं हो सके पोस्टल बैलेट, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में तैनात 41 पुलिसकर्मियों को पोस्टल बैलेट जारी नहीं हो सके। लिहाजा, ये सभी मतदान से वंचित रह गए हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद हड़कंप मच गया है। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी रामकुमार गौतम ने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में तैनात 41 पुलिसकर्मियों को पोस्टल बैलेट जारी नहीं हो सके। लिहाजा, ये सभी मतदान से वंचित रह गए हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद हड़कंप मच गया है। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी रामकुमार गौतम ने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कहा कि अब बैलेट पेपर जारी नहीं किए जा सकते। मामले में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। दरअसल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निर्वाचन कार्यालय शिलाई को डाक से फॉर्म 12 के तहत आवेदन भेजे गए थे। इसके बाद ही पुलिस कर्मियों को बैलेट पेपर जारी किए जाने थे। सवाल उठता है कि इसमें डाक विभाग की लापरवाही है या निर्वाचन कार्यालय में तैनात कर्मियों की, फिलहाल इसकी जांच शुरू हो गई है। चुनाव संपन्न होने के 16 दिन बाद जब पोस्टल बैलेट जारी न होने का खुलासा हुआ तो निर्वाचन कार्यालय शिलाई में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि शिलाई में तैनात 41 पुलिस कर्मियों ने समय पर पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन किया गया था, जिनकी चुनाव के दौरान ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आवेदन पत्र निर्वाचन कार्यालय शिलाई को भेजे गए। आवेदन निर्वाचन कार्यालय को न मिलने के पीछे किसकी लापरवाही है, फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, शिलाई के कांग्रेस प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान ने भी कुछ दिन पहले ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर को लिखित शिकायत से पोस्टल बैलेट से छेड़छाड़ करने की शिकायत दी थी। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम शिलाई सुरेश कुमार सिंघा ने बताया कि जांच जारी है। कुछ लोग पोस्टल बैलेट के गुम होने की अफवाह फैला रहे हैं, जो सरासर गलत है। ये आवेदन फार्म थे। कहां चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है। इसकी जांच का जिम्मा तहसीलदार कमरऊ सुनील चौहान को सौंपा गया है।
गलत जानकारी देने वाले 24 कर्मियों के बैलेट पेपर हुए रद्द
उधर, धर्मपुर विस क्षेत्र में गलत जानकारी देने वाले 24 कर्मचारियों के बैलेट पेपर रिजेक्ट कर दिए गए हैं। मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय से जारी रिपोर्ट में कुल 1349 कर्मचारियों को बैलेट पेपर भेजे गए, जिनमें से अभी तक 958 कर्मचारियों के बैलेट पेपर वापस आ गए हैं। अभी और बैलेट पेपर आने का क्रम जारी है। जो बैलेट पेपर आठ दिसंबर तक आएंगे, उन्हें ही स्वीकृत किया जाएगा। एसडीएम धर्मपुर करतार चंद ने इसकी पुष्टि की है।
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने बैलेट पेपर को लेकर धर्मपुर एसडीएम कार्यालय पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि धर्मपुर एसडीएम कार्यालय की ओर से जानबूझकर कर्मचारियों के बैलेट पेपरों को रोका जा रहा है। आरोप लगाया कि धर्मपुर विस क्षेत्र का एक कर्मचारी सराज जंजैहली में नौकरी करता है और उसने ईमेल के माध्यम से धर्मपुर एसडीएम कार्यालय से आग्रह किया कि बैलेट पेपर भेजा जाए। लेकिन धर्मपुर कार्यालय ने नहीं भेजा। ऐसा कई जगह हुआ है और जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है। उधर, एसडीएम करतार चंद ने बताया कि इस तरह की कोई मेल आई ही नहीं। जब जंजैहली थुनाग में संपर्क किया गया तो वहां से जो ईमेल का पता डाला गया था, वह गलत था। इस पर कोई भी मेल नहीं आई है ।