हिमाचल शिक्षा विभाग ने बदला इन कक्षाओं का टाइम टेबल
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं और बारहवीं के मेडिकल और नॉन मेडिकल संकाय का टाइम टेबल बदल दिया गया है। इन कक्षाओं में अब 35 मिनट की थ्योरी और 70 मिनट का प्रैक्टिकल पीरियड लगेगा।
शिक्षा कोड का हवाला देते हुए उच्च शिक्षा निदेशालय ने नया बदलाव कर दिया है। पहले थ्योरी और प्रैक्टिकल को 35-35 मिनट के दो पीरियड जोड़कर कुल 70 मिनट दिए गए थे।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने टाइम टेबल में तुरंत प्रभाव से बदलाव करने के सभी जिला उपनिदेशकों को आदेश जारी कर दिए हैं। ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के टाइम टेबल में बदलाव करने के लिए उच्च शिक्षा निदेशक ने एक कमेटी गठित की थी।
थ्योरी पीरियड इतने समय के होंगे
कमेटी की सिफारिशों के आधार पर अब नया टाइम टेबल जारी किया गया है। इसके अनुसार लंच से पहले स्कूलों में 35-35 मिनट के मेडिकल और नॉन मेडिकल के विषयों के थ्योरी के पीरियड लगेंगे।
लंच के बाद दो पीरियड को लेकर 70 मिनट तक प्रैक्टिकल होंगे। सप्ताह के सभी छह दिनों में एक पीरियड के दौरान थ्योरी की कक्षा लगेगी। प्रैक्टिकल के लिए सप्ताह में दो दिन फिजिक्स, दो दिन केमिस्ट्री और दो दिन बायोलॉजी के पीरियड लगेंगे।
शेष दो पीरियडों में फिजिकल एजूकेशन और कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं लगेंगी। निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व में कुछ स्कूलों में थ्योरी और प्रैक्टिकल के एक साथ दो पीरियड जोड़े गए थे। इससे शिक्षा कोड के नियमों की अनदेखी हो रही है। इसके चलते टाइम टेबल में बदलाव किया गया है।