हिमाचल में 61 और कोरोना संक्रमितों की मौत, 32 बच्चों समेत 2535 नए पॉजिटिव, जानें सक्रिय केस
प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 172722 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 136663 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब 33448 रह गए हैं। प्रदेश में अब तक 2581संक्रमितों की मौत हुई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को 61 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में 19, शिमला 10, मंडी छह, हमीरपुर पांच, सिरमौर पांच, चंबा चार, सोलन चार, ऊना तीन, कुल्लू तीन और बिलासपुर में दो संक्रमितों ने दम तोड़ा। उधर, प्रदेश में 2535 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें से कांगड़ा जिले में 836, मंडी 314, सोलन 262, चंबा 180, शिमला 212, बिलासपुर 175 , ऊना 142, हमीरपुर 98, कुल्लू 65, सिरमौर 230, लाहौल-स्पीति 14 और किन्नौर में सात नए मामले आए हैं। बिलासपुर जिले में 32 बच्चों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
कहां कितने सक्रिय केस
इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 172722 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 136663 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब 33448 रह गए हैं। प्रदेश में अब तक 2581संक्रमितों की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 2475, चंबा 2192, हमीरपुर 2425, कांगड़ा 10638, किन्नौर 361, कुल्लू 909, लाहौल-स्पीति 232, मंडी 2874, शिमला 2990, सिरमौर 2697, सोलन 3180 और ऊना जिले में 2475 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में 4257 संक्रमित ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना की जांच के लिए 14503 लोगों के सैंपल लिए गए।
शिमला जिले में 40 कंटेनमेंट जोन
शिमला जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसका अंदाजा कंटेनमेंट जोन की संख्या से लगाया जा सकता है। कोरोना महामारी के शुरुआती दौर से लेकर अभी तक जिले में 546 क्षेत्र कंटनेमेंट जोन बन चुके हैं। मौजूदा समय में करीब 40 कंटेनमेंट जोन चल रहे हैं। शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र में कंटेनमेंट जोन की संख्या अधिक हो गई हैं। शिमला ग्रामीण क्षेत्र में अभी तक सबसे ज्यादा 13 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। शिमला शहर में 8 कंटेनमेंट जोन हैं। ठियोग और चौपाल में 4.4, रामपुर में 5, रोहड़ू में तीन, कुमारसैन में दो और डोडरा क्वार में एक कंटेनमेंट जोन बना है।
18 से 44 आयु वर्ग के 20,543 लोगों ने लगाई वैक्सीन
हिमाचल में गुरुवार को 18 से 44 आयु वर्ग के 20,543 लोगों ने लगाई कोविड-19 वैक्सीन लगाई। स्वास्थ्य विभाग ने 21,820 लोगों को टिका लगाने का लक्ष्य रखा था। वैक्सीन लगाने में जिला कांगड़ा के लोगों में उत्साह दिखने को मिला। यहां पर 4171 लोगों ने टिका लगाया है। प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि पहले 17 मई को वैक्सीन लगाई गई थी। गुरुवार को दूसरी बार 18 से 44 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। अब तक दो बारी में 40,343 लोगों को वैक्सीन लगा दी है। बिलासपुर में 1089, चंबा 1691, हमीरपुर 1235, कांगड़ा 4171, किन्नौर 309, कुल्लू 1277, लाहौल-स्पीति 121, मंडी 2923, शिमला 2639, सिरमौर 1528, सोलन 1867 और ऊना में 1693 लोगों को वैक्सीन लगाई।
मां बगलामुखी मंदिर में कोरोना महामारी के नाश के लिए हवन
मां बगलामुखी की जयंती पर वीरवार को बनखंडी स्थित बगलामुखी मंदिर में छत्तीस भोग, पूजा, यज्ञ और अनुष्ठान हुए। कोरोना को लेकर जारी एसओपी के कारण श्रद्धालु मंदिर में दर्शनों के लिए नहीं आ सके। इन्होंने ऑनलाइन ही दर्शन किए। मंदिर में करोना महामारी के नाश के लिए मंत्र पढ़े गए और विश्व शांति के लिए प्रार्थना के साथ साथ हवन भी किया गया। कोरोना महामारी से पहले हर वर्ष मां बगलामुखी देवी की जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई जाती थी। दूर-दूर से लोग मां के दर्शनों के लिए आते थे। सुबह से ही दर्शनों के लिए कतारें लगनी शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस बार श्रद्धालु मंदिर नहीं आ सके।
मंदिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरी ने बताया कि वैशाख शुक्ल अष्टमी को देवी बगलामुखी का अवतरण दिवस कहा जाता है। इस कारण इसे मां बगलामुखी जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रत एवं पूजा उपासना की जाती है। अनुष्ठान के साथ भजन संध्या एवं विश्व कल्याणार्थ महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। जयंती के दिन शत्रु नाशिनी बगलामुखी माता का विशेष पूजन किया जाता है और रातभर भगवती जागरण होता रहा है, लेकिन इस बार कोरोना के चलते ऐसा आयोजन नहीं होगा। महंत रजत गिरी ने सभी श्रद्धालुओं को मां बगलामुखी की जयंती पर बधाई दी।