Himachal News: प्रधानमंत्री से मिले सीएम सुक्खू, विकास कार्यों के लिए मांगी उदारतापूर्वक सहायता
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए सभी परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र से उदारतापूर्वक वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को नई दिल्ली में भेंट की। प्रदेश के मुख्यमंत्री का कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीएम सुक्खू की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात थी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए उनके सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र से उदारतापूर्वक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। इस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
वहीं,मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री को केंद्र सरकार की ओर से आधारभूत संरचना को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आरंभ की गई प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना और रज्जू मार्ग के निर्माण के लिए पर्वतमाला योजना को प्रदेश में सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने को लेकर आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों योजनाओं से प्रदेश के लोग लाभान्वित होंगे। राज्य के लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के अलावा संपर्क और अधोसंरचना विकास वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर सीएम ने प्रधानमंत्री को हिमाचली शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने सीएम को हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं और प्रदेश को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मोदी से भेंट से पहले सीएम का कोविड टेस्ट हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू का कोविड टेस्ट हुआ, जो नेगेटिव आया। उसके बाद ही उनकी प्रधानमंत्री से भेंट हुई। मालूम रहे कि सीएम सुक्खू पीएम मोदी से इससे पहले भी भेंट करना चाहते थे, लेकिन तब वह कोविड पॉजिटिव आए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिले सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मंगलवार को मुलाकात की। शाह से सुक्खू की यह शिष्टाचार भेंट थी। सुक्खू ने यह मुलाकात पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद की। इस मौके पर सुक्खू ने अमित शाह को हिमाचली संस्कृति का प्रतीक चिन्ह रणसिंघा भेंट किया।