Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- डॉक्टरों के लिए नई सीनियर रेजिडेंटशिप पॉलिसी बनेगी, 66% होगा जीडीओ कोटा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीनियर रेजिडेंटशिप में जीडीओ का कोटा 66 प्रतिशत किया जाएगा। अभी इसका अनुपात जीडीओ व सीधी भर्ती में 50-50 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय चंबा, नाहन, हमीरपुर व नेरचौक में नए विषयों में एमडी व एमएस करवाई जाएगी। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत संरचना और सुदृढ़ होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों के लिए नई सीनियर रेजिडेंटशिप पॉलिसी बनेगी। इसके तहत सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के पदों का युक्तिकरण किया जाएगा। अब सीनियर रेजिडेंटशिप के लिए सामान्य ड्यूटी अफसरों (जीडीओ) का कोटा 66 फीसदी होगा। अभी इसका अनुपात जीडीओ और सीधी भर्ती में 50-50 फीसदी है। बुधवार को राज्य सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह जानकारी देते हुए कहा कि चंबा, नाहन, हमीरपुर और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में नए विषयों में पीजी (एमडी और एमएस) शुरू कराई जाएगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम और एमसीएच सुपर स्पेशलिस्ट फील्ड में हैं, उन्हें चिकित्सा महाविद्यालय में नियुक्ति प्रदान की जाएगी। सभी मेडिकल कॉलेजों में उच्च तकनीक युक्त स्टेट ऑफ द आर्ट आईसीयू स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि स्वास्थ्य विभाग में 1,000 रोगी मित्र नियुक्त किए जा रहे हैं। इनमें से 500 मेडिकल कॉलेजों और 500 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किए जाएंगे। इसके लिए प्रथम चरण में पायलट प्रोजेक्ट हमीरपुर जिले से शुरू किया जाएगा। रोगी मित्र की कार्यप्रणाली के लिए विभाग की ओर से मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रथम चरण में रोगी मित्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किए जाएंगे।
चमियाना और आईजीएमसी में स्थापित होंगे रोगी मित्र काउंटर
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना, टांडा और आईजीएमसी शिमला में भी पायलट आधार पर 70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की मदद के लिए रोगी मित्र तैनात होंगे। संस्थानों में रोगी मित्र काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे। वहीं, मेडिकल कॉलेजों की ओपीडी में मरीजों से संबंधित डाटा दर्ज करने के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर भी तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक का कैलेंडर जारी किया
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक का वार्षिक कैलेंडर-2026 जारी किया। इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को बैंक की विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष में सरकार के निर्देशों के अनुसार पात्र लोगों को ऋण मुहैया करवाया गया। इस अवसर पर बैंक के प्रबन्ध निदेशक हरीश गज्जू और महाप्रबन्धक आरएम झमाल्टा उपस्थित थे।