कांग्रेस की सरकार बनेगी, भाजपा के पास मुख्यमंत्री का चेहरा तक नहीं: हुड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में हिमाचल में जिस तरह का माहौल दिख रहा है, उससे साफ है कि यहां कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री का चेहरा ही घोषित नहीं किया है जबकि सीएम वीरभद्र सिंह हिमाचल में कांग्रेस का सर्वमान्य चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र के नेतृत्व में हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
हुड्डा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में पत्रकार वार्ता की। हुड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू नहीं किया। इससे कृषकों को लाभ नहीं पहुंचा। खाद पर कोई टैक्स नहीं था। ये पचास फीसदी तक लगा दिया गया।
बेरोजगारों को रोजगार देने की बातें भी गलत निकली हैं। इससे युवाओें मेें बेचैनी है। नोटबंदी और जीएसटी से अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। बैंकों का एनपीए बढ़ा है। ये सरकार भी नॉन परफॉर्मिंग एसेट यानी एनपीए ही है। जीएसटी का मतलब ‘गब्बर सिंह टैक्स’ और ‘गई तुम्हारी सरकार’ है।
ओपिनियन पोल पर ये कहा
हुड्डा ने एक चैनल से आए हिमाचल के ओपिनियन पोल पर कहा कि ये नोटबंदी से पहले ही रिकॉर्ड कर लिया गया होगा। ऐसा लगता है कि ये आज के हालात पर नहीं बनाया गया है।
बागियों को बैठाने की कवायद
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के बागियों से बातचीत की जा रही है। उन्हें बैठने को कहा जा रहा है। वोटों के बंटवारे में किसी और को फायदा देने से बेहतर यही है कि कांग्रेसी मिल-बैठकर तय कर लें कि चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों का ही साथ देना है।