अमित शाह की रैलीः बोले-वीरभद्र, कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को इंदौरा विस क्षेत्र के सूरजपुर में चुनावी जनसभा में कहा कि कांग्रेस ने तीन पीढ़ियों तक सरदार वल्लभ भाई पटेल की अनदेखी की। जबकि सरदार वल्लभ भाई पटेल सही मायनों में भारत रत्न के हकदार थे।
देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश के लिए दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश में माफिया राज है और प्रदेश के मुखिया समेत उनकी सरकार भी भ्रष्टाचार में पूरी तरह समाई हुई है।
खनन, ड्रग माफिया और घोटालों की सरकार का बहुत जल्द पतन होने वाला है। केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार को करोड़ों रुपये की योजनाएं दी हैं, लेकिन प्रदेश सरकार उन योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने प्रदेश को केंद्र से मिलने वाला बजट 44235 करोड़ से बढ़ाकर एक लाख 15 हजार 846 करोड़ कर दिया, लेकिन प्रदेश सरकार ने यह पैसा भी जनता तक नहीं पहुंचाया।
सीएम बताएं गुड़िया के साथ जो हुआ उसका जिम्मेदार कौन
अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी और प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह पर जमकर निशाना साधा। शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मैं सीएम से पूछना चाहता हूं कि शिमला की गुड़िया के साथ जो हुआ, उसका जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि गुड़िया प्रकरण और इसकी जांच के लिए गठित एसआईटी टीम की गिरफ्तारी ने भी प्रदेश को शर्मसार किया है।
इस अवसर पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद शांता कुमार सहित अन्य पार्टी नेताओं ने रीता धीमान के समर्थन में लोगों को मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के वन मंत्री चौधरी लाल सिंह, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष संजय गुलेरिया, विधायक मनोहर धीमान, गणेश दत्त, मोती लाल जोशी, जोगिंदर सिंह, घनश्याम संबियाल, गगरेट से भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर, भोया की पूर्व विधायक सीमा देवी मौजूद रहे।
सरदार पटेल देश की आत्मा में विराजमान : शाह
देश की एकता और अखंड भारत के निर्माण के लिए सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रहे हैं।
मंगलवार को शिमला में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शिमला में आयोजित रन फॉर यूनिटी के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यह बात कही।
शाह ने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों को भुलाने और खत्म करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सरदार पटेल देश की आत्मा में विराजमान हैं।
शाह ने देश की सांस्कृतिक और विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि हमने एकता अपनी विरासत से सीखी है। विश्व की हर परंपरा को हमने अपने अंदर समेटा है। देश की एकता एवं अखंडता के लिए सरदार पटेल ने अहम भूमिका निभाई है, जिसका पूरे देश को पता चलना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ अमित शाह ने देश की एकता की भी शपथ ली। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम के तहत आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखाई।