चुनावी ड्यूटी में झोंक दिए शिक्षक, सरकारी स्कूलों को बंद करने की नौबत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव के चलते प्रदेश के सैकड़ों सरकारी स्कूलों को बंद करने की नौबत आ गई है। चुनाव आयोग ने प्रदेश के सभी पुरुष शिक्षकों की चुनाव ड्यूटियां लगा दी हैं। नवंबर और दिसंबर में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में परीक्षाएं होती हैं। अक्तूबर और नवंबर में सिलेबस को पूरा करवाने के साथ-साथ रिवीजन का काम होता हैं।
विधानसभा चुनाव की ड्यूटियों के चलते इस बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की संभावना है। इस मामले को लेकर बुधवार को राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत से मुलाकात कर अपना विरोध जताया। वीरेंद्र चौहान ने पुरुष शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी में छूट देने की मांग उठाई।
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में तैनात सभी पुरुष शिक्षकों की इस बार चुनावों में ड्यूटियां लगाई गई हैं। इतनी बड़ी तादाद में शिक्षकों के चुनाव ड्यूटी पर होने के चलते स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह से ठप पड़ गई है। प्रदेश के कुछ स्कूलों में तो छात्रों को पढ़ाने के लिए एक भी शिक्षक नहीं रह गया है। विधानसभा चुनावों के दौरान मात्र उन्हीं स्कूलों में पढ़ाई हो रही है, जिन स्कूलों में महिला शिक्षकों की तैनाती है।
20 फीसदी पुरुष शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी में लगाने की मांग
चुनाव आयोग ने प्रदेश के स्कूलों से महिला स्टाफ को छोड़ कर सभी पुरुष शिक्षकों की चुनावों में ड्यूटी लगाई है। इसके चलते सैकड़ों स्कूल बंद होने की कगार पर हैं।
राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने बताया कि चुनाव ड्यूटी से 40 फीसदी के करीब ऐसे स्कूल प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें केवल पुरुष स्टाफ ही अपनी सेवाएं दे रहा है।
इन स्कूलों में न तो चुनावों के समय छात्रों की कक्षाएं लग पाएंगी और न ही छात्र परीक्षाओं की तैयारियां कर पाएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से सौ फीसदी पुरूष शिक्षकों की जगह सिर्फ 20 फीसदी पुरुष शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी में लगाने की मांग की है।
परीक्षाओं के लिए कैसे तैयार होंगे छात्र
शीतकालीन सत्र वाले स्कूलों में दिसंबर माह में वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षाओं से पहले अक्तूबर और नवंबर माह के दौरान स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई पर अधिक जोर रहता है।
सिलेबस पूरा करने के साथ-साथ छात्रों को परीक्षाओं के लिए तैयार करने के लिए यह समय बहुत जरूरी होता है। पुरुष शिक्षक 11 नवंबर तक चुनाव ड्यूटी पर रहेंगे। ऐसे में स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होना तय है।
चुनाव आयोग ने दिया छूट का आश्वासन
राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने बताया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दो दिन के भीतर शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी से कुछ छूट देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि आयोग भी पढ़ाई प्रभावित ना हो, इसको लेकर गंभीर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही शिक्षा के हित में सकारात्मक फैसला सामने आएगा।