{"_id":"6ac14eb6be33d0df070a0de5","slug":"himachal-a-massive-influx-of-tourists-at-chandra-taal-ranked-among-the-world-s-most-beautiful-lakes-2026-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: दुनिया की खूबसूरत झीलों में शुमार चंद्रताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, एक दिन में पहुंचे 550 वाहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: दुनिया की खूबसूरत झीलों में शुमार चंद्रताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, एक दिन में पहुंचे 550 वाहन
Sun, 04 Oct 2026 03:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अशोक राणा/रतन कटोच, केलांग/सिस्सू (लाहौल-स्पीति)
अशोक राणा/रतन कटोच, केलांग/सिस्सू (लाहौल-स्पीति)
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 04 Oct 2026 03:03 AM IST
सार
दो अक्तूबर को पर्यटक वाहनों की संख्या इतनी अधिक रही कि चंद्रताल जाने वाली सड़क पर कई घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
लाहौल के चंद्रताल के समीप लगी पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दुनिया की खूबसूरत झीलों में शुमार चंद्रताल को निहारने के लिए इन दिनों पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। दो अक्तूबर को पर्यटक वाहनों की संख्या इतनी अधिक रही कि चंद्रताल जाने वाली सड़क पर कई घंटे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को करीब 550 वाहन चंद्रताल पहुंचे और लगभग 3,000 से अधिक पर्यटकों ने झील का दीदार किया। इस दौरान पर्यटकों ने क्षेत्र में पहुंचकर भ्रमण किया और वादियों को अपने कैमरे और मोबाइल में कैद किया।
विज्ञापन
कोकसर चेकपोस्ट से मिली जानकारी के अनुसार दो अक्तूबर को करीब 350 पर्यटक वाहन गुजरे, जबकि लोसर चेकपोस्ट से लगभग 620 वाहन निकले। इससे कुछ वाहन चंद्रताल की ओर निकले। पर्यटकों की बढ़ती आमद से स्थानीय होटल, होम स्टे, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक लाभ मिल रहा है।
विज्ञापन
बेशक पर्यटकों की बढ़ती संख्या जहां स्थानीय लोगों की आर्थिकी के लिए अच्छी मानी जा रही है, लेकिन पर्यावरण की दृष्टि से यह स्थिति चिंता का विषय भी बन रही है। चंद्रताल क्षेत्र बेहद नाजुक पारिस्थितिकी वाला क्षेत्र है। झील के समीप सीबी रेंज की पहाड़ियों में बड़ी संख्या में हिमनद मौजूद हैं। अक्तूबर में भी मौसम के अपेक्षाकृत गर्म रहने और बड़ी संख्या में वाहनों के हिमनदों के नजदीक पहुंचने से पर्यावरण प्रेमी चिंतित हैं। उनको लगता है कि अधिक लोगों की मौजूदगी इस प्राकृतिक ठिकाने के लिए सही नहीं है।
विज्ञापन
पर्यावरण प्रेमी कुंजलाल और दीपक ने कहा कि चंद्रताल क्षेत्र की संवेदनशील पारिस्थितिकी को देखते हुए यहां पर्यटकों और वाहनों की संख्या को नियंत्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इसके दूरगामी पर्यावरणीय परिणाम सामने आ सकते हैं। उधर, कोकसर पुलिस चेकपोस्ट में तैनात एएसआई शाम लाल ने बताया कि इन दिनों लाहौल घाटी की ओर आने वाले पर्यटकों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।