लो आ गया श्रीखंड महादेव का बुलावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशी खबर है। जिला प्रशासन ने आखिरकार पांच कैलाशों में से एक श्रीखंड महादेव यात्रा की तिथियां निर्धारित कर दी है।
श्रद्वालु 15 से इस पावन यात्रा पर आ सकते हैं। डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि यात्रा की तिथि 15 से 25 जुलाई तक होगी। इस बार यात्रा ट्रस्ट के माध्यम से करवाई जाएगी। यात्रा में यात्रियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
डेढ़ पुलिस रिजर्व और एक होमगार्ड रिजर्व सहित 80 जवान तैनात रहेंगे। 21 सदस्यों के दो विशेषज्ञ बचाव दल और पर्वतारोही दल भी मौजूद रहेंगे। 18570 फुट की ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड महादेव की ऐतिहासिक यात्रा को सुनियोजित ढंग से शांतिपूर्वक और सुलभ बनाने के लिए जिला प्रशासन, आनी प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। सिंहगाड, थाचडू, पार्वतीबाग और भीमडवारी में चार पड़ाव बनाए गए हैं।
इस बार करना होगा ज्यादा बर्फ का सामना
एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने कहा कि प्रशासन ने 15 जुलाई से पूर्व यात्रियों को श्रीखंड यात्रा न करने की हिदायत दी है। इस बार श्रीखंड में अधिक बर्फ जमा होने से रास्ते खतरनाक हैं।
यात्रा के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए भरमौर का 5 सदस्यों का विशेषज्ञ बचाव दल और मनाली का 16 सदस्यों का विशेषज्ञ बचाव दल और पर्वतारोहियों का दल यात्रा के दौरान तैनात रहेगा।
यात्रा में ये बातें आएंगी आपके काम
श्रीखंड महादेव की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को बहुत की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों से होकर गुजरना पड़ता है। करीब 18570 फुट की ऊंचाई पर वही श्रद्धालु जा सकता है जो पूरी तरह से स्वस्थ हो।
श्रद्धालुओं को अपने साथ गर्म कपड़े, टॉर्च, डंडा, छतरी या बरसाती साथ लेकर आएं। इस बात का ध्यान रखें की रात के समय यात्रा में सफर न करें। ग्लेशियरों पर चलते समय सिर्फ उसी रास्ते का इस्तेमाल करें जो चिन्हित किया गया है। इधर उधर जाना हादसे को बुलावा दे सकता है।