बर्फबारी से थमा हिमाचल, सात की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में पिछले दो दिनों से भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बर्फबारी से आधा हिमाचल थम गया है। आफत बन रही बर्फ से पिछले 24 घंटों के दौरान सात लोगों की मौत हो गई है। किन्नौर के पूह से शिपकिला की ओर जा रहा सेना का वाहन हाबसर नाला के पास बर्फ में फिसल गया। इसमें तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई है। वे शिपकला में आर्मी कैंप के लिए पानी की सप्लाई लेकर जा रहे थे।
शिमला, बिलासपुर और सोलन में ठंड से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि राजधानी में हार्टअटैक के बाद गाड़ी के बर्फ में फंसने से महाराष्ट्र के सैलानी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उधर, शिमला, मनाली, मैकलोडगंज, डलहौजी समेत सूबे के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। शिमला, कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और सिरमौर के अलावा मंडी, कांगड़ा और सोलन के भी कई क्षेत्र बर्फबारी से प्रभावित हुए हैं।
आधे हिमाचल में ब्लैक आउट
कई क्षेत्रों में घर से बाहर तक जिंदगी जाम हो गई है। पांच हाईवे समेत प्रदेश भर में करीब 300 सड़कें बंद हो गई हैं। इससे मनाली, अप्पर शिमला में सैकड़ों सैलानी फंसे हुए हैं। कई इलाकों में बिजली-पानी, दूरसंचार सेवाएं भी ठप हो गई हैं। रोहतांग में सबसे ज्यादा 240 सेंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। लाहौल और किन्नौर तो देश-दुनिया से कट गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में ही नहीं, मंडी शहर और सोलन के कुछ मैदानी क्षेत्रों तक बर्फ पहुंच गई है।
बर्फबारी से 1000 ट्रांसफार्मर जाम होने से कुल्लू जिला अंधेरे में डूब गया है। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में 15 और सोलन के धर्मपुर में 18 घंटे बिजली बंद रही। नारकंडा, कुमारसैन, थानाधार में भी बत्ती गुल रही, जबकि राजधानी में दिनभर आंखमिचौनी का दौर रहा। सिरमौर के पच्छाद के छह पंचायतें अंधेरे में डूब गई हैं।
किन्नौर में भावानगर को छोड़करसभी जगह शनिवार रात से बिजली व्यवस्था ठप है। बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने से मंडी की चौहारघाटी, उत्तरशाल, सराज, कमरूघाटी, जंजैहली व करसोग में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। चंबा के होली, भरमौर और अन्य क्षेत्रों के अलावा हमीरपुर शहर में भी दिन भर बत्ती गुल रही।
आज भी हो सकती है बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन के अनुसार हिमाचल के कई क्षेत्रों में सोमवार को भी हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के हिमपात के आसार हैं, तो मध्य एवं निचले हिमाचल में हल्की वर्षा हो सकती है। मंगलवार के बाद मौसम साफ होगा।
जल्द खोलेंगे बंद रूट: बाली
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि बर्फबारी के कारण एचआरटीसी के कई प्रमुख रूट बंद हैं। इन्हें जल्द खोला जा रहा है। राज्य लोेक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता नरेश शर्मा ने कहा है कि बर्फबारी से बंद हुईं सड़कों को खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। फील्ड में मशीनरी भी भेजी गई है। विभाग का सारा ध्यान सड़कें खोलने पर है।
शिमला में बर्फबारी के आंकड़े
वर्ष ========दिसंबर में हिमपात (सेंटी में)
2004=======बर्फ नहीं गिरी
2005=======बर्फ नहीं गिरी
2006=======हल्का हिमपात
2007=======19.8 सेंटीमीटर
2008=======बर्फ नहीं गिरी
2009=======बर्फ नहीं गिरी
2010=======13 सेंटीमीटर
2011=======बर्फ नहीं गिरी
2012=======9 सेंटीमीटर
2013=======7.8 सेंटीमीटर
स्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला