एसएचओ के तबादले के विरोध में उतरी हरोली भाजपा, एसपी का घेराव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला ऊना में एसएचओ हरोली के तबादले ने तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की ओर से तबादले पर सवाल उठाने के बाद अब सत्तारूढ़ भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को हरोली भाजपा मंडल ने वरिष्ठ नेता व प्रदेश में औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार की अगुवाई में एसपी का घेराव कर डाला। एसपी द्वारा विभिन्न थाना प्रभारियों के तबादलों के बाद प्रो. रामकुमार दल-बल सहित एसपी कार्यालय पहुंच गए और खूब हल्ला बोला। इस दौरान एसएचओ हरोली रमन कुमार चौधरी के समर्थन में नारेबाजी की गई और एसपी से तुरंत तबादला आदेश वापस लेने की मांग की। रामकुमार ने एसपी कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन से मुलाकात भी की।
प्रो. रामकुमार ने कहा कि एसएचओ के नेतृत्व में पिछले ढाई साल में बेहतरीन कार्य हुआ है। हाल ही में एसएचओ ने भुक्की की बड़ी खेप के साथ लोगों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में एसएचओ के तबादले से समाज में गलत संदेश जा रहा है। इस मौके पर हरोली भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद्र जसवाल, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव मीनाक्षी राणा, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष व ललड़ी प्रधान संयोगिता, महिला मोर्चा सचिव रोजी चौधरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कमल सैणी, हरोली भाजयुमो अध्यक्ष रजत, महामंत्री अमन व सतीश आदि मौजूद रहे। उधर, एसपी कार्तिकेयन ने रामकुमार ने बातचीत के दौरान इस निर्णय पर विचार करने का आश्वासन दिया है।