Hamirpur: सरिया कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर आबकारी विभाग की दबिश, खंगाला रिकाॅर्ड
हमीरपुर जिला मुख्यालय और भोरंज उपमंडल के भरेड़ी बाजार में सरिया कारोबारियों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बुधवार को राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र जीएसटी विंग (हेडक्वार्टर पालमपुर) ने दबिश दी है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला मुख्यालय और भोरंज उपमंडल के भरेड़ी बाजार में सरिया कारोबारियों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बुधवार को राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र जीएसटी विंग (हेडक्वार्टर पालमपुर) ने दबिश दी है। विभाग ने दबिश के दौरान जीएसटी रिकॉर्ड खंगाला, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। जीएसटी विंग की 15 अधिकारियों और कर्मियों की दो टीमों में एक समय में दोनों जगह यह दबिश दी है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र (जीएसटी विंग) हेडक्वार्टर पालमपुर के उप आयुक्त टिकम सिंह ठाकुर की नेतृत्व में दो टीमों ने दबिश के दौरान कार्रवाई की है। टीमों ने जीएसटी से जुड़े अहम दस्तावेज कब्जे में लिए। इसमें अधिकतर स्टॉक के रिकार्ड है।
कंप्यूटराइज्ड डाटा, बिक्री-खरीद से जुड़े लेन-देन, बिलिंग और रजिस्टर आदि को बारीकी से परखा गया। कब्जे में लिए गए रिकार्ड को ऑनलाइन से मिलान किया जाएगा। दबिश में जो जरूरी रिकाॅर्ड उपलब्ध नहीं पाया गया उसे उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। विभागीय सूत्रों का कहना है कि कब्जे में लिए गए सभी रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। कब्जे में लिए गए रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जीएसटी रिटर्न में गड़बड़ी या टैक्स चोरी का मामला सामने आता है तो नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हमीरपुर जिला मुख्यालय में बीते वर्ष सितंबर माह में पांच कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर दबिश दी गई थी। अब दोबारा जीएसटी की रेड से बड़े कारोबारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
जीएसटी प्रावधानों के तहत की गई कार्रवाई : राकेश
राज्य कर एवं आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र (जीएसटी विंग) हेडक्वार्टर पालमपुर के संयुक्त आयुक्त राकेश भारतीय ने विभाग की दो टीमों ने दो प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर रिकार्ड जांचा है। विभाग ने स्टॉक से जुड़े हुए दस्तावेज कब्जे में लिए हैं और कुछ रिकार्ड को विभाग के समक्ष पेश करने के कारोबारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।