हिमाचल: एक जुलाई से स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं, एचपीयू ने जारी किया संभावित शेड्यूल, यहां देखें
हिमाचल में 156 परीक्षा केंद्रों में स्नातक अंतिम वर्ष के 35 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। एचपीयू ने परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने प्रदेश सरकार के फैसले के अनुसार स्नातक डिग्री कोर्स बीए, बीएससी, बीकॉम और शास्त्री के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी और अधिकतम छह अगस्त तक चलेंगी। प्रदेशभर में 156 परीक्षा केंद्रों में 35 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। विवि ने ईयर सिस्टम के साथ ही बीएचएम, बीटेक और बीवॉक के ऑड सेमेस्टर की परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। इसे आम विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने बताया कि विद्यार्थी परीक्षा शेड्यूल को वेबसाइट से देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
इसमें किसी तरह की आपत्ति होने पर इसे विवि में दर्ज करवा सकते हैं। परीक्षा का यह शेड्यूल 21 जून को फाइनल कर दिया जाएगा। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य और संस्थानों के निदेशकों और परीक्षार्थियों से कहा है कि वे डेटशीट को लेकर लगातार विवि की वेबसाइट देखते रहें, इसमें बदलाव संभावित है। ये परीक्षाएं केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और एसओपी के तहत आयोजित की जाएंगी। प्राचार्यों और निदेशकों से कहा गया है कि वह शेड्यूल के मुताबिक परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज, बैठने के लिए आवश्यक दूरी के साथ व्यवस्था परीक्षा से एक दिन पहले सुनिश्चित करेंगे। इसमें तय संख्या से अधिक छात्र होने पर इसकी सूचना विवि को देने को कहा गया है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि परीक्षा शेड्यूल कोविड 19 को लेकर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
परीक्षा शेड्यूल जारी, कॉलेजों में स्टाफ बुलाने पर नहीं हुआ फैसला
मंत्रिमंडल की बैठक में हुए फैसले के अनुसार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एक जुलाई से परीक्षाएं शुरू करने का फैसला लेकर शेड्यूल भी जारी कर दिया है, मगर अभी तक सरकार ने कॉलेजों में स्टाफ को बुलाने पर कोई निर्णय नहीं लिया है। परीक्षा के लिए बनाए गए 156 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा की तैयारियां कॉलेजों में स्टाफ को बुलाए जाने के बाद ही शुरू हो सकेंगी। इसमें शेड्यूल के मुताबिक छात्रों का सिटिंग प्लान बनाने, हर परीक्षा से पूर्व सैनिटाइजेशन जैसी तमाम व्यवस्थाएं की जानी हैं। परीक्षा के लिए अब महज 15 दिन का समय शेष रह गया है। ऐसे में विवि को भी कॉलेजों के खुलने का बेसब्री से इंतजार है।