अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी : गोविंद ठाकुर
परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी अनाप-शनाप बयान देकर भ्रम फैला रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार, ब्यास नदी और साथ लगते नदी-नालों की तटबंदी और कुल्लू-मनाली बाम तट सड़क को डबल लेन करने का मुद्दा रखा गया था।
इन मांगों पर मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया था। केंद्रीय मंत्री ने भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार पर होने वाले व्यय को भी सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। जैसे ही इसके सर्वेक्षण और परियोजना रिपोर्ट का कार्य पूर्ण हो जाएगा तो अगले चरण में निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में प्रदेश में कोई भी बड़ी योजना नहीं ला पाई, जबकि जयराम सरकार के नेतृत्व में अनेकों विकासात्मक योजनाओं को प्रदेश में लाया गया है।
गडकरी ने भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए सर्वेक्षण और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए केंद्र सरकार के उपक्रम को समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दे दिए हैं।
वाप्कोस लिमिटेड के अधिकारी जिला प्रशासन कुल्लू तथा हिमाचल सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ इसी माह भुंतर एयरपोर्ट का दौरा कर अपनी कार्यवाही शुरू कर रहे हैं।
वन मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मनाली से औट तक ब्यास नदी और इसके साथ लगते नदी- नालों के तटीकरण के विस्तृत सर्वेक्षण तथा समुचित धन उपलब्ध करवाने की भी मंजूरी प्रदान कर दी है।
इससे कुल्लू और मंडी घाटी में ब्यास नदी में आने वाली बाढ़ के खतरों से बचा जा सकेगा और साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल्लू से मनाली तक बाम तट सड़क को डबल लेन करने की भी मंजूरी प्रदान की है।