निजी स्कूल में भालुओं ने किया हमला, बच्ची की हालत गंभीर
निजी स्कूल में शनिवार दोपहर 12:00 बजे लंच ब्रेक के दौरान खेतों से निकलकर दो भालुओं ने मैदान में खेल रहे बच्चों पर अचानक हमला कर दिया। मामला हिमाचल के चंबा जिले के भरमौर का है। इससे अध्यापकों और बच्चों में भगदड़ मच गई। मैदान में खेल रहे बच्चे कक्षाओं की ओर भागने लगे।
इस बीच पहली कक्षा की छात्रा मानवी को एक भालू ने दबोच लिया। हमले में मानवी के सिर पर गहरी चोट आई है। मानवी को स्कूल स्टाफ और उसके परिजन भरमौर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चंबा अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्कूल प्रभारी श्याम ठाकुर ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई, सभी बच्चे प्रांगण में थे। भालू अचानक खेतों से निकले और स्कूल परिसर में पहुंच गए।
बच्चों, अध्यापकों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद खदेड़े भालू
भालुओं के हमले से बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी स्कूल पहुंच गए, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर भालुओं को खदेड़ा गया। भरमौर के बीएमओ डॉ. आदित्य ठाकुर ने बताया कि खणी के कुलदीप कुमार की बेटी मानवी के सिर पर चोट आई है। मानवी की हालत फिलहाल स्थिर है।
सिटी स्कैन की सुविधा न होने की वजह से उसे चंबा रेफर किया गया है। चोट का अंदाजा परीक्षण के बाद ही हो सकता है। उल्लेखनीय है कि भालुओं के हमले से समूचे उपमंडल में दहशत है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय पूर्व भी गांव में भालुओं का आतंक था। अब दोबारा यह दहशत हो गई है।