क्या बात! यहां सात दिन फ्री में लो इंटरनेट का मजा
यहां स्थानीय लोगों सहित सैलानी भी मुफ्त में इंटरनेट का मजा ले सकेंगे। नगर निगम ने यह पहल की है। सात जून तक फ्री वाईफाई सुविधा का लाभ मिलेगा। शिमला के रिज मैदान पर रविवार शाम से सात जून तक फ्री वाईफाई सुविधा का लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों सहित सैलानी मुफ्त में इंटरनेट का मजा ले सकेंगे।
समर फेस्टिवल के दौरान लोगों को नगर निगम द्वारा यह विशेष तोहफा दिया है। स्मार्ट फोन यूजर के मोबाइल फोन पर शिमला एमसी फ्री वाईफाई नाम से लिंक मिलेगा। इस लिंक पर क्लिक करने पर यूजर को अपना मोबाइल फोन नंबर लिखना होगा। लिखे मोबाइल फोन नंबर पर ही यूजरनेम और पासवर्ड का एसएमएस भेजा जाएगा।
लॉगइन करने पर नगर निगम शिमला का फेसबुक पेज खुलेगा। यूजर अन्य पेज खोल कर मुफ्त में इंटरनेट का लुत्फ उठा सकेंगे। एक फोन नंबर पर 24 घंटे के दौरान दो घंटे ही फ्री वाईफाई सुविधा मिलेगी। यूजर को एक एमबीपीएस की स्पीड मिलेगी।
मुख्यमंत्री करेंगे फ्री वाईफाई सुविधा का शुभारंभ
नगर निगम के उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने कहा कि समर फेस्टिवल के दौरान शहरवासियों और सैलानियों को सेवा देने के लिए नया प्रयास किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत समर फेस्टिवल के दौरान स्कैंडल प्वाइंट से लेकर क्राइस्ट चर्च तक फ्री वाईफाई की सुविधा मिलेगी।
अगर यह प्रयास सफल रहा तो पूरे शहर में सुविधा दी जाएगी। औरा वेंचर कंपनी के संचालक विभाष शर्मा मुफ्त में यह सुविधा दे रहे हैं। इसमें एयरटेल सहयोग कर रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत रिज मैदान चुना है। योजना सफल रही तो पूरे शहर में पब्लिक प्लेस के हॉट स्पॉट बनाए जाएंगे।
शिमला से लगाव के चलते है मुफ्त सेवा- औरा वेंचर कंपनी के संचालक मेजर विभाष शर्मा ने बताया है कि वह शिमला से संबंध रखते हैं। इसलिए शहर में यह सुविधा मुफ्त में दे रहे हैं। बताया दिल्ली सरकार के साथ भी उनकी बातचीत चल रही है लेकिन दिल्ली में अभी फाइनल नहीं हुआ है। शिमला देश पहला ऐसा शहर बन रहा है जहां फ्री वाईफाई सुविधा मिलेगी।
शाम साढ़े पांच बजे होगा आगाज- रिज पर रविवार शाम साढ़े पांच बजे से नगर निगम फ्री वाईफाई सुविधा देगा। मुख्यमंत्री फ्री वाईफाई सुविधा का शुभारंभ करेंगे। टिकेंद्र पंवर ने बताया है कि मुख्यमंत्री से इसके लिए समय मांगा है।