वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य ने कोरोना से बचाव के लिए भेजी सामग्री
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह और उनके पिता वीरभद्र सिंह प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंतित हैं। कहा कि कोरोना से सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को अर्की और शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र के लिए कोरोना से बचाव के लिए अपने आवास हॉलीलॉज से राहत सामग्री रवाना की। इसमें पीपीई किट्स, ऑक्सीमीटर, सैनिटाइजर और मास्क शामिल हैं।
यह सामग्री दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की हर पंचायत के लिए दी गई है। कहा गया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के उन गरीब और असहाय लोगों जिन्होंने इस दौर में अपनी जान गवाई है, उनके आश्रितों को अपनी ऐच्छिक निधि से वह 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह और उनके पिता वीरभद्र सिंह प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंतित हैं। कहा कि कोरोना से सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। जल्द ही वह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने स्तर पर एक-एक एंबुलेंस की भी व्यवस्था करेंगे।
वैक्सीन के बाद मौतों का आंकड़ा सार्वजनिक करे सरकार: सुक्खू
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कोविड अस्पतालों में प्रबंधों और मरीजों की देखभाल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमितों का अस्पतालों में उचित उपचार भी हो। अस्पतालों में उनकी सही देखभाल नहीं हो रही। दवाई तो दूर समय पर भोजन तक नहीं मिल रहा। सुक्खू ने सरकार से कोविड वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाने के बाद हुई लोगों की मौत का आंकड़ा भी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह लोगों को पता चलना चाहिए। सरकार वैक्सीन और टीकाकरण की भी उचित व्यवस्था करे। प्रदेश में 18 से 44 साल के व्यक्तियों के लिए पर्याप्त वैक्सीन नहीं है। सुखविंद्र ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे लॉकडाउन में जरूरतमंद लोगों की अधिक से अधिक मदद करें। पीड़ित परिवारों को अगर किसी चीज की जरूरत है तो उसे मुहैया कराने का हर संभव प्रयास किया जाए।