शिमला में अग्निकांड: कृष्णानगर में ढारा जलकर राख, सिलिंडरों के धमाकों से मचा हड़कंप
राजधानी शिमला में नगर निगम के कृष्णानगर वार्ड में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक एक ढारे में आग लग गई। इस दौरान दो रसोई गैस सिलिंडरों में आग लगने से जोरदार धमाके भी हुए। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी मची रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नगर निगम के कृष्णानगर वार्ड में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक एक ढारे में आग लग गई। इस दौरान दो रसोई गैस सिलिंडरों में आग लगने से जोरदार धमाके भी हुए। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी मची रही। स्थानीय पार्षद बिट्टु पान्ना ने आग लगने का कारण कचरे में लगी आग को बताया है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक 11:05 बजे आग लगने की सूचना मिली और 11:30 बजे तक हाइड्रेंट से पाइप जोड़कर करीब पंद्रह मिनट में आग की लपटों को पानी की बौछारें मारकर शांत कर दिया था। 11.45 बजे तक आग पूरी तरह शांत कर दी थी। शहर के तीनों फायर स्टेशनों से छह गाड़ियों सहित 25 जवान दमकल विभाग के मौके पर पहुंचे थे। कृष्णानगर के वाल्मीकि कालोनी में बने इस ढारे का मालिक उमेश रज्जाक है तथा इसका भाई चंदन भी साथ रहता है। यह दोनों यहां अकेले रहते थे, परिवार गांव में है।
दोनों मजदूरी करते हैं और सुबह आठ बजे यह काम पर चले गए थे। इसलिए कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। करीब 11:00 बजे अचानक ढारों से लोगों ने धुआं उठता देखा तथा इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। घटना स्थल तक बड़े वाहनों के लिए सड़क न होने पर अग्निशमन विभाग के जवानों ने लव कुश चौक के पास से हाइड्रेंट से पाइप जोड़ा तथा आग पर काबू पाया। सदर थाना पुलिस के जवान, अधिकारी और एमसी के डिप्टी मेयर शैलेंद्र चौहान भी मौके पर पहुंचे थे।
मूंग दाल के डिब्बे में सुरक्षित रह गई 20 हजार की नकदी
ढारे की आग शांत होने पर जब वहां बिखरे पड़े सामान को समेटना शुरू किया तो एक टीन का डिब्बा भी मिला। डिब्बे में मूंग दाल के साथ बीस हजार रुपये की नकदी सुरक्षित थी। इस दौरान हालांकि दो सिलिंडरों में जोरदार धमाके भी हुए लेकिन इसके बावजूद डिब्बे में पड़ी इस नकदी को सेंक तक नहीं लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि मेहनत की कमाई थी इसलिए बच गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने नकदी को फिर ढारा उमेश रज्जाक को सौंपा दिया। मंडलीय अग्निशमन अधिकारी महेश कुमार शर्मा, बालुगंज फायर स्टेशन इंचार्ज भूपेंद्र ठाकुर और छोटा शिमला फायर स्टेशन के इंचार्ज भगत राम ठाकुर ने बताया कि आग में करीब 80 हजार रुपये का सामान जला है। स्थानीय पार्षद बिट्टु पान्ना के साथ पहुंचे एसडीएम मंजीत शर्मा ने प्रभावित परिवार को दस हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की।
सफाई लेकर लोगों ने पार्षद को घेरा
आग लगने पर घटना स्थल पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने वार्ड से गुजर रहे नालों और उनमें बह रही गंदगी को लेकर पार्षद बिट्टु पान्ना से सवाल भी किए। स्थानीय बाशिंदों ने इसको लेकर पार्षद को घेरा और कहा कि उनसे पूछो यहां सफाई क्यों नहीं होती। कृष्णानगर वार्ड में जगह-जगह नालियों से गंदगी बहती नजर आई। कुछ जगह तो बदबू इतनी थी कि वहां से गुजरना मुश्किल हो रहा था। स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर 102वां स्थान पाने वाले राजधानी शिमला के इस वार्ड में नगर निगम की स्वच्छता की पोल खुलती नजर आई। गंदगी के कारण वहां रहने वाले लोग भी परेशान हैं।