आग से 20 लाख का नुकसान, जिंदा जले मवेशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंबा जिले के सलूणी उपमंडल की भजोत्रा पंचायत के बंजोग गांव में आग लगने से चार कमरे, एक हॉल व दो गौशाला राख हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही सलूणी से राजस्व विभाग के अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि जिस जगह यह हादसा हुआ वह सड़क से करीब पांच किलोमीटर दूर है जिस कारण मौके पर गए अधिकारियों को रात को गांव में ही रूकना पड़ेगा।
घटना से पांच परिवार प्रभावित हुए हैं। हादसे के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था जिससे घर में रखे जेवर और कपड़े भी जल गए। गौशाला की छत को तोड़कर लोगों ने मवेशियों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन एक गाय, एक खच्चर, दस बकरियां व छह भेड़ें इस अग्निकांड की भेंट चढ़ गई।
घटना से प्रभावित हंस राज पुत्र कंठ, प्रकाश चंद पुत्र कंठ, नारायण पुत्र कंठ, चमारू पुत्र जीता व शक्ति प्रसाद पुत्र जीता ने बताया कि वे सभी एक शादी समारोह में गए हुए थे। जहां सुबह करीब आठ बजे उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली।
सोने, चांदी के जेवर भी जले
वे सभी मौके पर पहुंचे तो घर बुरी तरह से सुलग रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से आग को बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ भी बचाया नहीं जा सका है। उन्होंने बताया कि हादसे से पूर्व घर में 150 ग्राम सोने के आभूषण, करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी, एक सरकारी बंदूक, खाने का सामान और कपड़े आग की भेंट चढ़ गए। प्रभावित परिवार ने इस घटना में 20 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होने की संभावना जताई है। मौके पर गई राजस्व विभाग की टीम के वापस लौटने पर ही नुकसान का सही आंकड़ा पता चल पाएगा।
तहसीलदार अजय पराशर का कहना है कि सुबह हादसे की सूचना मिली थी। उसके बाद नायब तहसीलदार व कानूनगो को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए दस हजार रुपये की फौरी राहत भेज दी गई है। बाकी राशि नुकसान के आकलन के बाद प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि अग्निकांड के कारणों का खुलासा भी टीम के लौटने पर ही हो पाएगा।