भाजपा सरकार में मंत्री बने अनिल का बड़ा खुलासा, बेटे को लग गया था साजिश का पता
भाजपा सरकार के वरिष्ठ मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि पंडित सुखराम के परिवार का सियासी खात्मा चाहने वाले खुद ही निपट लिए। कांग्रेस के कुछ नेता मेरा टिकट कटवाना चाह रहे थे तो बेटे आश्रय ने रास्ता दिखाया। मेरे पिता पंडित सुखराम इस पक्ष में कतई नहीं थे कि मैं कांग्रेस को छोड़ दूं।
जब मैंने भाजपा में जाने का फैसला लिया तो पंडित जी को झटका लगा। उन्होंने मुझे कहा कि मैं बेवकूफी कर रहा हूं। इस निर्णय के पीछे मेरे बेटे आश्रय शर्मा का दिमाग था।
दरअसल, मंत्री होने के बावजूद कांग्रेस के कुछ नेता परंपरागत सीट मंडी सदर से मेरा टिकट कटवाना चाह रहे थे। मुझे मालूम हुआ तो बेटे आश्रय शर्मा और मैंने भाजपा में जाने का फैसला ले लिया। अनिल शर्मा सोमवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
बेटे को था सारी साजिश का पता
अनिल ने कहा कि टिकटों के लिए कांग्रेस हाईकमान को भेजी गई पहली सूची से मेरा नाम तक कटवा दिया गया था। हम किनारे में पडे़ थे, हमें छेड़ना उन्हें उल्टा पड़ा। मुझे इसकी भनक लगी तो कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बात की। सुक्खू ने भी इस पर अपनी मजबूरी जाहिर की।
मंडी में भाजपा ने कांग्रेस को क्लीन स्वीप करते हुए जीत हासिल की तो इस बार मुझे भी पिछली बार की तरह मंत्री बनने को खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी। भाजपा को ज्वाइन करने के सवाल पर अनिल बोले कि मेरा बेटा आश्रय शर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव था। वह मेरी तरह मेरे साथ रचे जा रहे इस सारे षड्यंत्र से वाकिफ था।
उसने पहले नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। शाह से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद मुझे सूचित किया। हमने ये बात पंडित जी से भी साझा नहीं की। चुपचाप भाजपा में चले गए। पंडित जी को पता चला तो उनके लिए यह झटके की तरह था।
उन्होंने इसे बेवकूफी कहते हुए कहा कि ये हमने क्या कर लिया है। मगर जब फैसला ले लिया गया था तो फिर उन्होंने पूरा आशीर्वाद दिया। संयोग देखिए, चुनाव भी जीत लिया, मंत्री भी बन गया हूं। अब तो बस जनता के लिए काम करना है।
अनिल ने भाजपा ज्वाइन कर हराई कौल सिंह की बेटी चंपा
ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने भाजपा को ज्वाइन कर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर को अपनी परंपरागत सीट मंडी सदर से हराया है।
अनिल शर्मा के मंत्री रहते पार्टी छोड़ने के बाद कांग्र्रेस ने चंपा ठाकुर को टिकट दिया। अनिल शर्मा पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पंडित सुखराम के बेटे हैं। वे चौथी बार विधानसभा चुनाव जीते हैं।