Himachal: स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाने को लेकर शिक्षा निदेशालय ने जारी किए संशोधित निर्देश, यहां पढ़ें
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून सीजन में आपदा के दौरान स्कूल बंद रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जारी किए गए आदेशों में संशोधन किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी ताजा निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि केवल उन्हीं स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित की जाएंगी जिन्हें मानसून के मौसम के दौरान भारी बारिश, बाढ़ के कारण बंद करना पड़ा था। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित स्कूलों को केवल उस अवधि के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगानी होंगी, जब स्कूल वास्तव में बंद रहे। यदि स्कूल रुक-रुककर 10 दिनों तक बंद रहे तो प्रति दिन केवल 6 घंटे की दर से 60 कार्य घंटों की क्षतिपूर्ति करनी होगी। यदि लगातार दो छुट्टियां पड़ती हैं तो स्कूल प्रमुख एक छुट्टी वाले दिन भी स्कूल खुला रखने का विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि पूरा स्कूल छुट्टियों के दिन अतिरिक्त कक्षाओं में भाग लेगा। निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों से भी अनुरोध है कि वे स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर व्यवस्था करें और स्कूल प्रशासन के पास उपलब्ध अन्य साधनों से पढ़ाई के नुकसान की भरपाई भी करें।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने कहा कि संघ ने विभाग के समक्ष मामला उठाया था कि समयसारणी में किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने का कोई भी मतलब नहीं है। वैसे भी सर्दियों के समय में स्कूलों के कार्य घंटों को बढ़ाना अपने आप में ठीक नहीं है। बच्चे दूर-दूर से स्कूलों में आते हैं और जल्दी अंधेरा होने के कारण स्कूल से बच्चों को आने और जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए ना तो शिक्षक तैयार हैं और ना ही बच्चे और अभिभावक सहज महसूस कर रहे थे।
इसलिए संघ ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के समक्ष मांग रखी थी कि मुख्य अध्यापक और प्रधानाचार्य स्कूलों में अपने हिसाब से जीरो पीरियड या ब्रेक पीरियड को मिलाकर बीच में बच्चों के पाठ्यक्रम को हुए नुकसान की भरपाई करें। इस पर शिक्षा निदेशक ने सहमति जताते हुए स्कूल प्रमुख के ऊपर यह बात छोड़ दी है कि वे मौसम की स्थिति और अन्य स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए ही प्रभावित हुए बच्चों की पढ़ाई को सुनिश्चित करें। शिष्टमंडल में ताराचंद शर्मा और राज्य कार्यकारिणी के सदस्य शामिल थे। संघ ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक घनश्याम चंद संशोधित निर्देश जारी करने के लिए आभार व्यक्त किया है। गौर रहे कि इस वर्ष मानसून सीजन में जुलाई और अगस्त में भारी बारिश, बाढ़ और बादल फटने के चलते कई जिलों में स्कूलों को बंद करना पड़ा था। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बीते दिनों पत्रकार वार्ता में इस नई व्यवस्था को लागू करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में शिक्षा निदेशालय ने भी निर्देश जारी किए थे जिसमें अब संशोधन किया गया है।