लोकसभा चुनाव 2019: हिमाचल की चार सीटों पर 19 मई को होगा मतदान, आचार संहिता लागू
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटों के लिए अंतिम एवं सातवें चरण में 19 मई को मतदान होगा। प्रदेश में 22 अप्रैल को चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। प्रदेश के लोगों को चुनाव परिणाम के लिए भी ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मतदान के चार दिन बाद ही 23 मई को नतीजे घोषित हो जाएंगे। रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से चुनावों की घोषणा करते ही हिमाचल में भी चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
लोकसभा चुनाव में इस बार हिमाचल के 50 लाख 54 हजार मतदाता 7 हजार 723 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। इनमें 25 लाख 84 हजार 183 पुरुष और 25 लाख 12 हजार 627 महिला मतदाताओं के अलावा 59 थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इनमें से 18 से 19 साल की उम्र के 88 हजार 127 मतदाता ऐसे होंगे जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, 20 से 29 साल की उम्र के बीच के युवा मतदाताओं की संख्या 9 लाख 75 हजार है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने बताया कि चुनाव के लिए पहले ही सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हालांकि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय-समय पर तैयारियों का निरीक्षण कर रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन कार्यालय को भेजते रहें।
60 हजार से ज्यादा कर्मचारी होंगे तैनात
प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए 7723 मतदान केंद्रों पर होने वाले मतदान को कराने के लिए 60 हजार से ज्यादा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इनमें सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस कर्मचारी शामिल हैं।
इन कर्मचारियों की तैनाती के लिए ऑनलाइन डाटा तैयार किया जा रहा है। चुनाव से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की ड्यूटी रैंडम आधार पर लगाई जाएगी, ताकि किसी को यह पता न चले कि उसे कहां लगाया जाएगा।
पिछले चुनाव से बढ़े 338 मतदान केंद्र
प्रदेश के कुल 7723 मतदान केंद्रों को अधिसूचित किया है जो पिछले लोकसभा चुनावों की तुलना में 338 ज्यादा हैं। इसके साथ ही इन मतदान केंद्रों में 950 को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अतिसंवेदनशील और 367 को संवेदनशील की श्रेणी में भी रखा गया है।
6466 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी में हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए कांगड़ा में 1874, मंडी में 2079, हमीरपुर में 1764 और शिमला में 2006 मतदान केंद्र अधिसूचित किए गए हैं। इन केंद्रों के अलावा जरूरत पड़ने पर आयोग सहायक पोलिंग स्टेशन भी बना सकता है।