Shimla: राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षा विभाग ने मांगे आवेदन, जानें अंतिम तिथि
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने घोषणा की है कि वर्ष 2025 के राज्य शिक्षक पुरस्कार पारंपरिक रूप से 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
विस्तार
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2025 के राज्य शिक्षक पुरस्कार देने के लिए आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पात्र शिक्षक, मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्य स्वयं आवेदन कर सकते हैं अथवा किसी अन्य व्यक्ति की ओर से नामित किए जा सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में हार्ड कॉपी के रूप में संबंधित उप निदेशक (प्राथमिक शिक्षा) को 15 जुलाई 2025 तक जमा कराने होंगे। शिक्षा विभाग की ओर से पुरस्कार योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट http://himachal.nic.in/dse पर उपलब्ध कराए गए हैं। 30 शिक्षकों का राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए चयन किया जाएगा। 15 शिक्षक सामान्य क्षेत्रों से चुने जाएंगे। नौ शिक्षक दूरदराज के क्षेत्रों के चयनित किए जाएंगे। बोर्ड कक्षाओं में बेहतर परिणाम देने वाले छह शिक्षकों का चयन शिक्षा विभाग स्वयं करेगा।
आवेदन करने वाले सभी शिक्षकों की उपलब्धियाें को जांचने के लिए विभागीय अधिकारी मौके पर जाएंगे। इन शिक्षकों की परफार्मेंस के बारे में स्कूली विद्यार्थियों से भी फीडबैक लिया जाएगा। शिक्षा सचिव की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय कमेटी साक्षात्कार के आधार पर अंतिम चयन करेगी। दो प्रिंसिपलों, दो हेडमास्टरों, तीन प्रवक्ताओं, दो डीपीई, दो पीईटी, चार टीजीटी, तीन सीएंडवी और छह जेबीटी का चयन आवेदनों के आधार पर किया जाएगा। पहले चरण में शिक्षकों को उनकी उपलब्धियों के अनुसार अंक दिए जाएंगे। अधिक अंक प्राप्त करने वाले शिक्षकों का दूसरे चरण में चयन होगा। जिला उपनिदेशकों के पास शिक्षकों को आवेदन करने होंंगे। जिला अधिकारी आवेदनों की छंटनी कर राज्य कमेटी को आवेदन भेजेंगे। स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने सभी संबंधितों से अपील की है कि नामांकन समय पर प्रस्तुत करें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें, ताकि चयन प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।
पुरस्कार के नियमों में पिछले साल किया है बदलाव
प्रदेश में बीते साल से राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार देने के नियमों में बदलाव किया गया है। अब विद्यार्थियों की परफार्मेंस से तय होगा कि किस शिक्षक को पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों का मूल्यांकन करने के लिए बच्चों की मॉडल टेस्ट पेपर से परीक्षा ली जाएगी। इनका मूल्यांकन करने के बाद साक्षात्कार भी होगा। शिक्षकों का चयन 100 अंकों के आधार पर होगा। 25 अंक विद्यार्थियों की परफार्मेंस के आधार पर दिए जाएंगे। गैर शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कार की दौड़ से बाहर कर दिया गया है।