मुख्यमंत्री वीरभद्र को ईडी का समन, 13 को दिल्ली बुलाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धन शोधन रोकथाम अधिनियम के तहत मामले का सामना कर रहे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली ने उन्हें पूछताछ के लिए समन जारी किया है। अधिकारियों ने कहा कि ईडी की तरफ से ताजा समन इसलिए जारी किया गया क्योंकि पीएमएलए के तहत वीरभद्र का बयान दर्ज किया जाना है।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, वीरभद्र सिंह को आगामी 13 अप्रैल को जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया है। गौरतलब है कि ईडी ने पहले भी वीरभद्र को बुलाया था, मगर आधिकारिक कारणों का हवाला देते हुए वह उपस्थित नहीं हुए थे। इससे पहले ईडी ने वीरभद्र और उनकी पत्नी की आठ करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को कब्जे में लेने का फैसला किया था।
अदालत ने भी इस फैसले को मंजूरी दे दी थी। पीएमएलए के प्रावधानों के तहत एजेंसी ने इसी साल मार्च में एलआईसी की कुछ पॉलिसियां, बैंक में जमा राशि, एक सावधि जमा और दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में एक इमारत की दो मंजिलों को अटैच कर लिया था।
ईडी ने पूछताछ को बुलाए आनंद चौहान को किया था गिरफ्तार
जुलाई 2016 में ईडी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ चल रहे संपत्ति मामले में उनके एलआईसी एजेंट आनंद शर्मा को चंडीगढ़ कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ के बीच आनंद चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया था। तबसे लेकर वे न्यायिक हिरासत में ही हैं।
प्रवर्तन निदेशालय सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ वर्ष 2009 से 2012 के दौरान हासिल 6.03 करोड़ रुपये की संपत्ति की जांच कर रहा है। इसे उनके परिजनों के नाम पर एलआईसी पॉलिसी में निवेश किया गया था। सीएम ने इस राशि को अपने सेब बगीचों की आय से जुड़ा बताया है।
जुलाई 2016 से पहले कई बार पूछताछ के लिए ईडी के दिल्ली ऑफिस में पेश होने के आनंद चौहान को नोटिस जारी किए। चौहान ने ये नोटिस कई बार टाले। इसके बाद जब ईडी को पता चला कि वह चंडीगढ़ में है तो उसे सेक्टर-18 स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया। घंटों चली पूछताछ के बाद चौहान को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में अब ईडी ने सीएम वीरभद्र सिंह को भी पूछताछ में बुलाया है।
आय से अधिक संपत्ति का मामला
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह सहित नौ लोगों के खिलाफ दायर चार्जशीट पर विचार करने के लिए विशेष सीबीआई अदालत ने 24 अप्रैल की तारीख तय की है। चार्जशीट व संबंधित दस्तावेज का निरीक्षण सात अप्रैल को पूरा हो गया था।
सीबीआई ने इस मामले में तीन अप्रैल को आरोप पत्र पटियाला हाउस स्थित विशेष सीबीआई अदालत में दाखिल किया था। वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पटियाला हाउस स्थित सीबीआई के विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार गोयल ने चार्जशीट पर सुनवाई के लिए सोमवार को 24 अप्रैल की तारीख तय कर दी।