एचआरटीसी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, बढ़ेगी सैलरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अनुबंध पर कार्यरत चालकों-परिचालकों, अस्थायी, अन्य कर्मचारियों और पीस मील वर्करों को दिवाली का तोहफा दिया है। शनिवार को निदेशक मंडल की बैठक में अनुबंध के तीन साल पूरे करने पर अनुबंध कर्मियों को 300 रुपये, चार साल पर 400 रुपये और पांच साल पर 500 रुपये इंक्रीमेंट मिलेगी।
अस्थायी कर्मियों को दो से पांच साल पूरे करने तक प्रति वर्ष 500 रुपये इंक्रीमेंट मिलेगी। पीस मील वर्करों के वेतन में भी दस फीसदी बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। अनुबंध कर्मियों को अब 200 के बजाय 300 रुपये यात्रा भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा बीते 2 साल में कोई हादसा न करने वाले ड्राइवरों और ईमानदार परिचालकों को 100 रुपये इंक्रीमेंट मिलेगी।
134 पदों पर की जाएगी भर्ती
निदेशक मंडल की बैठक के बाद जीएस बाली ने मीडिया को बताया कि जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 134 नए पद भरे जाएंगे। 60 डाटा एंट्री ऑपरेटर आउटसोर्सिंग पर रखे जाएंगे। एक साल में एचआरटीसी का 85 करोड़ रुपये राजस्व बढ़ा है।
19 बस अड्डों पर फ्री वाई-फाई सुविधा
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के 19 बड़े बस अड्डों पर जल्द ही यात्रियों को आधे घंटे के लिए फ्री वाई-फाई सुविधा मिलेगी। शनिवार को परिवहन विभाग का जीओ रिलायंस कंपनी के साथ करार हुआ है। जल्द ही इस सुविधा को शुरू किया जाएगा।
कामचोर कर्मियों की बनेगी लिस्ट
परिवहन मंत्री ने बताया कि कामचोर ड्राइवरों और कंडक्टरों की एक माह में लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे कर्मचारियों को सुधारा जाएगा। अनुबंध पर तैनात ड्राइवरों और कंडक्टरों को भी वर्दी पहनना अनिवार्य किया गया है। आदेशों का पालन न किया तो इंक्रीमेंट भी रोका जाएगा।