राहत: हिमाचल में सस्ता हुआ डायलिसिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में गुर्दे के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में प्रदेश के गुर्दा मरीजों को डायलिसिस कराने के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी महीने धर्मशाला और मंडी में पीपीपी मोड पर डायलिसिस सेंटर खुलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि प्रदेश में महज 1200 रुपये में डायलिसिस कराने की सुविधा मिलेगी जो दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी कम है।
प्रदेश सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत पीपीपी मोड पर तीन डायलिसिस सेंटर प्रस्तावित किए थे। इनमें धर्मशाला, मंडी और सोलन शामिल हैं। धर्मशाला और मंडी में डायलिसिस सेंटर खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है जबकि सोलन में मार्च तक यह सेंटर खुल पाएगा।
सिर्फ 1200 रुपये में होगा डायलिसिस
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डायलिसिस कराने के लिए 1200 रुपये कीमत तय की गई है। पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और हरियाणा में एक बार डायलिसिस कराने के लिए न्यूनतम दो से अधिकतम चार हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम से राज्य के मरीजों को दो तरह से लाभ होगा। पहला कि उन्हें बाहर जाने पर यातायात के नाम पर खर्च होने वाला किराया बचेगा। दूसरा उन्हें कम कीमत पर ही अपने राज्य में डायलिसिस की सुविधा मिलेगी।
अभी तक डायलिसिस की सुविधा प्रदेश के शिमला स्थित आईजीएमसी में ही उपलब्ध है। नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक हंसराज शर्मा ने बताया कि हिमाचल में पीपीपी मोड पर खुलने वाले डायलिसिस सेंटर के लिए रेट तय कर दिए गए हैं। एक मरीज के लिए एक बार डायलिसिस कराने पर 1200 रुपये भुगतान करना होगा। धर्मशाला, मंडी में इसी महीने ये सेंटर खुल जाएंगे।