Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Dhami Stone Fair Blood Tilak Tradition of Himachal Pradesh

हिमाचल: शिमला के धामी पत्थर मेले में महेश वर्मा के गाल पर लगा पत्थर, रक्त से मां भद्रकाली को लगाया गया तिलक

Mon, 09 Nov 2026 05:10 PM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला।
संवाद न्यूज एजेंसी, शिमला। Published by: Ankesh Dogra Updated Mon, 09 Nov 2026 05:10 PM IST
सार

शिमला के धामी क्षेत्र में दीपावली के दूसरे दिन सदियों पुराना पत्थर मेला आयोजित किया गया। खेल का चौरा में जमोगी और कटेडू गुटों के बीच करीब आधे घंटे तक पत्थरबाजी हुई। इस दौरान महेश वर्मा के गाल पर पत्थर लगने से रक्त निकलने के बाद मां भद्रकाली को रक्त तिलक अर्पित करने की पारंपरिक रस्म पूरी की गई।

विज्ञापन
Dhami Stone Fair Blood Tilak Tradition of Himachal Pradesh
यहां दीपावली पर खेली जाती है पत्थरों की होली! - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नजदीक धामी क्षेत्र में सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा एक बार फिर निभाई गई। दीपावली के दूसरे दिन खेल का चौरा में आयोजित पारंपरिक पत्थर मेले में दो गुटों के बीच पत्थरबाजी का अनोखा आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक मेले को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। करीब 30 मिनट तक चले इस आयोजन में जमोगी खुंद के महेश वर्मा के घायल होने के बाद पारंपरिक रस्म का समापन किया गया।

विज्ञापन


Trending Videos

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे आयोजकों की ओर से लाल झंडा दिखाए जाने के बाद दोनों पहाड़ियों से पत्थर फेंकने का सिलसिला शुरू हुआ। करीब 25 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी चलती रही। शाम 3:55 बजे जमोगी खुंद के महेश वर्मा के गाल पर पत्थर लगा, जिसके बाद आयोजन को रोक दिया गया।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

महेश के रक्त से मां भद्रकाली को लगाया तिलक
परंपरा के अनुसार, पत्थर लगने के बाद महेश वर्मा को खेल का चौरा स्थित सत्ती के स्मारक स्थल पर ले जाया गया। वहां माथा टेकने के बाद उनके शरीर से निकले रक्त से मां भद्रकाली के मंदिर में तिलक लगाने की धार्मिक रस्म पूरी की गई। इसके बाद महेश को प्राथमिक उपचार दिया गया। पत्थर मेले का समापन होने के बाद मेले की शुरुआत राजपरिवार की ओर से नरसिंह पूजन के साथ हुई। धामी रियासत के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह ने भी पारंपरिक पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
 
विज्ञापन

जमोगी और कटेडू गुटों के बीच होता है मुकाबला
धामी का पत्थर मेला दो पारंपरिक समूहों के बीच आयोजित किया जाता है। इनमें जमोगी और कटेडू टोली शामिल हैं। जमोगी पक्ष में जनिया, जमोगी, प्लानिया, कोठी, चईयां और ओखरू गांवों के लोग भाग लेते हैं। वहीं, कटेडू पक्ष राजपरिवार से जुड़ा है। इस टोली में तुंडू, धगोई, बठमाणा और आसपास के गांवों के युवा शामिल होते हैं। दोनों पक्ष निर्धारित स्थान पर आमने-सामने होकर इस पारंपरिक आयोजन में हिस्सा लेते हैं।
 

बलि प्रथा के स्थान पर शुरू हुई पत्थर मेले की परंपरा
धामी रियासत के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत पुराने समय में प्रचलित बलि प्रथा के विकल्प के रूप में हुई थी। मान्यता है कि रियासत में लगातार अनिष्ट की घटनाओं के बाद लोगों की सुख-समृद्धि के लिए बलि दी जाती थी। बाद में राजमाता ने इस प्रथा को बंद करवाने का निर्णय लिया। इसके स्थान पर पत्थरों के पारंपरिक खेल की शुरुआत हुई और आयोजन के दौरान चोट लगने से निकले रक्त से मां भद्रकाली को तिलक लगाने की रस्म शुरू की गई। जगदीप सिंह ने बताया कि कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने अपने रक्त से तिलक लगाकर इस पुरानी परंपरा को जारी रखा था।

हजारों लोगों ने देखा सदियों पुराना आयोजन
धामी के पत्थर मेले को देखने के लिए इस बार भी बड़ी संख्या में लोग खेल का चौरा पहुंचे। मेले में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों के साथ बाहरी क्षेत्रों से आए दर्शकों ने भी इस अनूठी परंपरा को करीब से देखा। धामी का यह आयोजन हिमाचल प्रदेश की विशिष्ट लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक परंपराओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed