मलाणा में पावर प्रोजेक्ट शाफ्ट फटने से तबाही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मलाणा नदी पर बने सौ मेगावाट के एवरेस्ट पावर प्रोजेक्ट की सुरंग में प्रेशर शाफ्ट फटने से आई बाढ़ से अफरातफरी मच गई। प्रेशर शाफ्ट फटने से सुरंग के पास कई जगह पानी और मलबा आ गिरा।
यह मलबा और पानी करीब 600 मीटर दूर तक पहाड़ी से तीव्र गति से मलाणा-2 के स्विच यार्ड तक पहुंच गया। मलबा अपने साथ कई पेड़ों को बहा ले गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लारजी तक हाई अलर्ट जारी कर दिया।
इस कारण 86 मेगावाट की मलाणा-1 में भी विद्युत उत्पादन प्रभावित हुआ। इस हादसे में मलाणा-1 और मलाणा-2 को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार मलाणा-2 की सुरंग में वीरवार सुबह 10.30 बजे पहाड़ दरकने के कारण प्रेशर शाफ्ट फट गई।
पानी ने मचाई तबाही
इससे रिसाव इतना ज्यादा हो गया कि पानी अपने साथ बहुत सारा मलबा भी बहा ले गया। तीव्र गति से आ रहा पानी गेट को फाड़ कर बाहर निकल गया। इस घटना में मलाणा-2 के स्विच यार्ड को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रबंधन ने स्विच यार्ड में काम कर रहे मजदूरों को भी वहां से हटा दिया। एवरेस्ट कंपनी के आफिस और दूसरी मंजिल की रिहायश को भी सुरक्षा की दृष्टि से खाली करवा दिया गया। हिमालयन रेस्क्यू टीम के एमडी छोप नेगी भी अपनी टीम के साथ बचाव कार्य में जुट गए।
उद्घाटन से पहले प्रोजेक्ट में इस तरह का हादसा होने के कारण लोगों ने इसके निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासी दोत राम ने कहा कि प्रोजेक्ट के निर्माण की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। एसएपी कुल्लू सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास की रिहायश को खाली करवाया दिया था।