हिमाचल: उपमुख्यमंत्री मुकेश बोले- बल्क ड्रग पार्क और अन्य बड़ी योजनाओं के लिए जल्द लाएंगे बजट
मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार को इंदिरा मैदान ऊना में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि बड़ी योजनाओं के लिए आवश्यक धनराशि (बजट) कांग्रेस की सुक्खू सरकार जल्द लाएगी। इस बाबत वह जल्द ही दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
विस्तार
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की बड़ी योजनाओं के लिए आवश्यक धनराशि (बजट) कांग्रेस की सुक्खू सरकार जल्द लाएगी। इस बाबत वह जल्द ही दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। बजट की चिंता प्रदेश भाजपा छोड़ दे। मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार को इंदिरा मैदान ऊना में मीडियाकर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हरोली में बनने वाले बल्क ड्रग पार्क की घोषणा वर्ष 2012 से 2017 तक कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनके उद्योग मंत्री रहते हुए हुई। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री ने इसकी घोषणा की थी लेकिन, भाजपा ने बीते विस चुनाव 2022 की घोषणा से ऐन पहले श्रेय लेने के लिए बिना बजट का प्रावधान किए इसकी घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि केंद्र के समक्ष बल्क ड्रग पार्क समेत जल शक्ति विभाग की और अन्य बड़ी परियोजनाओं, पोंग डैम और बीबीएमबी के बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर बात की जाएगी। बागवानी, सीवरेज, बाढ़ नियंत्रण जैसी परियोजनाओं के लिए भी केंद्र सरकार से बेहतर तालमेल बैठाकर प्राथमिकता से प्रयास होंगे।
अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम सरकार ने बीते पांच वर्ष डबल इंजन की सरकार कहकर राज तो किया लेकिन, दिल्ली से मोदी सरकार से पैसा लेकर नहीं आए। अंधाधुंध कर्जे उठाकर काम किया। जिसकी अदायगी अभी होनी है। औद्योगिक पैकेज नहीं लिया। अब कांग्रेस सरकार पिछले बजट के प्रावधान अनुसार शेड्यूल पर काम कर रही है। फिर भी कर्ज सीमा को सीमित रखा गया है। कहा कि भाजपा शुरू से ही ओपीएस के विरुद्ध रही है। कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों का उनका हक पुरानी पेंशन दी है। प्रदेश में नई पेंशन स्कीम एवं ओपीएस का अब कोई मसला नहीं रहा। ऐसे में केंद्र के पास प्रदेश के आठ हजार करोड़ रुपये जमा है, उसे देना चाहिए। लेकिन, प्रदेश की भाजपा लीडरशिप केंद्र सरकार को उकसा रही है। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रदेश के विकास में अड़ंगा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर आपसी खींचतान में एक दूसरे के प्रोजेक्ट रुकवाने में लगे रहे।
धार्मिक स्थलों का किया जाएगा कायाकल्प: मुकेश अग्निहोत्री
जिला मुख्यालय के साथ लगते कोटला कलां स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सूबे के धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। हिमाचल पर्यटक स्थल है और देवी देवताओं की धरती है। धार्मिक स्थलों को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत परिवर्तन किया जाएगा। इसके साथ सुविधाएं भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने सभी मंदिरों, कर्मचारियों व जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि सुविधाओं को लेकर कोताही न बरतें। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करते हुए कहा कि देवभूमि में दर्शनों के लिए आते हुए अपना सहयोग दें।
स्थानीय लोग भी स्वच्छता पर ध्यान दें ताकि सुंदरता बनी रहे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बेहद जल्द ऑनलाइन सुविधाएं श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाएंगी। जिसके माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे ही मंदिर में हवन, पूजा, प्रसाद, दर्शन, जागरण के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवा सकेंगे। तंज कसते हुए मुकेश ने कहा कि धर्म की बातें करने और धर्म को लेकर हमेशा शोर मचाने वाले लोग इतनी बेहतर व्यवस्था नहीं कर पाए होंगे, जितनी अब करके दिखाई जाएगी।