गैस उपभोक्ताओं को झटका, नहीं मिलेगी सब्सिडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संशोधित डीबीटीएल योजना से नहीं जुड़ने वाले गैस उपभोक्ताओं के लिए बुरी खबर है। इन्हें अब गैस सब्सिडी नहीं मिलेगी। इसके अलावा इन्हें अब बाजार भाव पर ही गैस सिलेंडर खरीदना होगा।
जिन उपभोक्ताओं ने अपना आधार कार्ड नंबर और बैंक खाता नंबर अपनी गैस एजेंसी में नहीं दिया है। 15 फरवरी से उन्हें उपभोक्ताओं को बाजार भाव पर सिलेंडर खरीदना पड़ेगा। वहीं, जिन उपभोक्ताओं ने आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया है उन्हें सिर्फ गैस एजेंसी में बैंक खाता नंबर देना होगा।
ऐसे उपभोक्ताओं को भी सब्सिडी मिल जाएगी। लेकिन जिन उपभोक्ताओं ने आधार कार्ड के लिए 14 फरवरी तक आवेदन नहीं किया उन्हें बाजार भाव पर सिलेंडर लेना होगा।
शिमला में 20 हजार को नहीं मिलेगी सब्सिडी
इंडियन आयल कारपोरेशन की प्रबंधक मानसी दुल्लों ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने सभी रसोई गैस उपभोक्ताओं से योजना से जुड़ने की अपील की है। बताया है कि जिला के 80 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं की लिंकेज हो चुकी है।
शिमला के भी करीब 20 हजार रसोई गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को 14 फरवरी के बाद सब्सिडी पर गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा। जिला शिमला में 2 लाख 10 हजार एलपीजी उपभोक्ता हैं। जिला के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसियों में लिकेंज नहीं करवाई है।
ऐसे में इन्हें अब बाजार भाव पर सिलेंडर खरीदना होगा।
मई तक आखिरी मौका
14 फरवरी तक आधार कार्ड नहीं बनवाने वाले उपभोक्ताओं को सरकार ने मई महीने तक सब्सिडी वापस लेने का आखिरी मौका भी दिया है। शर्त रखी गई है कि अगर बाजार भाव पर गैस सिलेंडर खरीदने वाला उपभोक्ता मई महीने तक आधार कार्ड बनवा लेता है और गैस एजेंसी में लिकेंज करवा लेता है उसे भी सिलेंडर की सब्सिडी लौटा दी जाएगी। मई महीने में सब्सिडी की राशि लैप्स होने से जुलाई में इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।
12 सिलेंडरों पर ही मिलेगी सब्सिडी
अप्रैल 2014 से मार्च 2015 तक 12 रसोई गैस सिलेंडरों पर ही केंद्र सरकार सब्सिडी बैंक खातों में लौटाएगी। 13वां गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को पूरी राशि चुकानी होगी।
वेबसाइट पर देखे लिंक हुए या नहीं
आपके बैंक खाते की आधार कार्ड नंबर और गैस एजेंसी से लिंकेज हुई है या नहीं इसकी जानकारी लेने के लिए उपभोक्ताओं को बैंकों और गैस एजेंसियों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
‘माई एलपीजी डाट इन’ वेबसाइट पर गैस एजेंसी, कस्टमर आईडी और आधार नंबर लिख कर उपभोक्ता स्टेटस जान सकेंगे। इंडियन आयल कारपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के वेबसाइट पर लिंक मिलेंगे।
इन लिंक पर क्लिक कर उपभोक्ताओं से जानकारी मांगी जाएगी। जानकारी देने के बाद बैंक खाता आधार और गैस एजेंसी से कब लिंक हुआ है, इसकी जानकारी मिल जाएगी।
फरवरी में सिलेंडर का रेट 705 रुपये
संशोधित डीबीटीएल योजना से लिंक नहीं होने वाले उपभोक्ताओं को फरवरी महीने में 705.50 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा। पचास रुपये होम डिलीवरी का भाड़ा गैस सिलेंडरों के रेट में जोड़ा गया है। शिमला शहर में इस महीने सभी उपभोक्ताओं को इसी रेट से सिलेंडर मुहैया करवाया जा रहा है।
योजना से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को भी हालांकि 705 रुपये में सिलेंडर मिलेगा लेकिन इन उपभोक्ताओं को फरवरी में 218.15 रुपये की सब्सिडी बैंक खातों में लौटाई जाएगी।