Shimla News: ऑनलाइन खरीदारी पर छूट से ग्राहक मौज में, शहर के कारोबारी मायूस, कारोबारियों ने भी निकाले हैं ऑफर
ऑनलाइन शॉपिंग में मिल रही भारी छूट ने खरीदारों को दुकानों से दूर कर दिया है। कारोबारियों को चिंता सता रही है कि दिवाली तक सामान बिक पाएगा या नहीं। ग्राहकों को लुभाने और ऑनलाइन शॉपिंग को टक्कर देने के लिए शहर के कारोबारियों ने भी कई आकर्षक ऑफर निकाले हैं।
विस्तार
त्योहारी सीजन के बीच राजधानी के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी लगभग खाली बैठे हैं। कपड़े-जूते, वाहन और सर्राफा कारोबार की तरह इनका काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा। ऑनलाइन शॉपिंग में मिल रही भारी छूट ने खरीदारों को इनकी दुकानों से दूर कर दिया है। हालत यह है कि शहर में टीवी, मोबाइल, वॉशिंग मशीन, फ्रीज समेत इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की ज्यादातर दुकानों पर स्टॉक तो भरपूर है, लेकिन इनमें ज्यादा ग्राहक दिखाई नहीं दे रहे। कारोबारियों को चिंता सता रही है कि दिवाली तक सामान बिक पाएगा या नहीं।
ऑनलाइन शॉपिंग पर मिल रही भारी छूट से लोगों की मौज है। त्योहारी सीजन के बीच ग्राहकों को लुभाने के लिए ज्यादातर ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियां सेल लगा रही हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान पर सबसे ज्यादा छूट और ऑफर हैं। इससे लोगों को बाजार से सस्ती कीमत पर इलेक्ट्राॅनिक्स का सामान मिल रहा है। यही नहीं, इनकी होम डिलीवरी फ्री होने से भी ग्राहक फायदा ले रहे हैं। शहर में शॉपिंग के बाद सामान को घर पहुंचाना भी बड़ी परेशानी रहती है। इसे देखते हुए ग्राहक घर बैठकर न सिर्फ छूट पर सामान ऑर्डर कर रहे हैं, बल्कि फ्री डिलीवरी का भी फायदा ले रहे हैं। सामान पसंद न आने पर इसे एक्सचेंज करना भी आसान है। इसका शहर के कारोबारियों को घाटा हो रहा है।
कारोबारियों ने भी निकाले हैं कई ऑफर
ग्राहकों को लुभाने और ऑनलाइन शॉपिंग को टक्कर देने के लिए शहर के कारोबारियों ने भी कई आकर्षक ऑफर निकाले हैं। बाजारों से सटे इलाकों में फ्री डिलीवरी की सुविधा भी खुद कारोबारी दे रहे हैं। टीवी, मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक्स के बाकी सामान की खरीदारी पर गिफ्ट पैक भी दिए जा रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार ऑनलाइन शॉपिंग पर कई बार घटिया गुणवत्ता का सामान मिलता है। दुकान पर लोग देख परखकर सामान ले सकते हैं। खराबी आने पर दुकानदार से शिकायत भी कर सकते हैं और सामान भी आसानी से बदल सकते हैं। कई दुकानदार किस्तों पर फाइनेंस की सुविधा दे रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार ऑनलाइन शॉपिंग से खरीदे सामान में खराबी आने पर उसे वापस करना मुश्किल रहता है। इसलिए ग्राहक दुकानों का ही रुख कर रहे हैं।
साल दर साल घट रहा कारोबार : उपाध्यक्ष
ऑनलाइन शॉपिंग से शहर में साल दर साल कारोबार घट रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स के अलावा बाकी सामान की बिक्री भी घटी है। त्योहारी सीजन में भी बाजारों में ग्राहक कम ही खरीदारी कर रहे हैं। सरकार को कारोबार बचाने के लिए कदम उठाने चाहिए- अजय सरना, उपाध्यक्ष शिमला व्यापार मंडल
कारोबारियों के साथ सरकार को भी नुकसान
त्योहारी सीजन में कारोबार तो बढ़ा है लेकिन ऑनलाइन शॉपिंग का भी असर पड़ा है। इससे टैक्स देने वाले कारोबारियों को तो घाटा हो ही रहा है। साथ ही सरकार को भी नुकसान हो रहा है। इससे विदेशी कंपनियां मुनाफा कमा रही है। सरकार को नीति बनानी चाहिए- कवि खन्ना, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी