चिंतपूर्णी: हत्याकांड के बाद गुस्साए अज्ञात लोगों ने झुग्गियों को लगा दी आग
वारदात में प्रवासियों की संलिप्तता को देखते हुए गुरुवार सुबह अज्ञात लोगों ने चिंतपूर्णी के समनोली रोड पर झुग्गियों को आग के हवाले कर दिया। आनन-फानन में दो बच्चों को झुग्गियों से सुरक्षित निकाला गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना और कांगड़ा जिले की सीमा पर बीते बुधवार को देहरा के मोईंन में गोली मारकर युवक की हत्या के बाद लोगों में आक्रोश है। इस तरह की वारदात में प्रवासियों की संलिप्तता को देखते हुए गुरुवार सुबह अज्ञात लोगों ने चिंतपूर्णी के समनोली रोड पर झुग्गियों को आग के हवाले कर दिया। आनन-फानन में दो बच्चों को झुग्गियों से सुरक्षित निकाला गया। दो बाइक और एक कार में भी तोड़-फोड़ की गई। दमकल और पुलिस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गुरुवार सुबह अचानक अज्ञात लोगों ने झुग्गी को आग लगा दी। देखते ही देखते साथ लगती करीब 12 झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं।
घटना के बाद झुग्गियों को आग के हवाले करने वाले लोग गायब हो गए। घटना में झुग्गियों में रखा सामान भी जल गया। घटना के बाद लोग राख के ढेर में सामान ढूंढते नजर आए। देहरा के तहसीलदार, मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल, डीएसपी देहरा विशाल, एसएचओ चिंतपूर्णी रोहिणी ठाकुर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने साथ लगती छपरोह गंगोट और नारी ग्राम पंचायत की प्रधान को मौके पर बुलाकर भूमि मालिकों प्रवासियों का पूरा ब्योरा पंचायत में दर्ज करने की हिदायत दी।
एक सफाई कर्मचारी और एक अन्य युवक इस गोलीकांड में संलिप्त बताया जा रहा है। दोनों आरोपी पकड़ से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि चिंतपूर्णी में गोलीकांड के आरोपी काफी समय से नशे का धंधा कर रहे थे। बाहरी राज्यों से कई लोग कबाड़ का काम, मजदूरी, फर्जी सफाई कर्मचारी बनकर नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। चिंतपूर्णी नया बस अड्डा जिला कांगड़ा के तहत पड़ता है। सड़क से दूसरी तरफ जिला ऊना है।
डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि झुग्गियां जलाने को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ चिंतपूर्णी पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है। चुनाव के चलते स्टाफ की कमी है। शीघ्र जिला कांगड़ा पुलिस प्रशासन से बात कर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। चिंतपूर्णी दमकल विभाग के प्रभारी पीसी शंकर दास बताया कि आग घटना में 12 झुग्गियां जलकर राख हुई हैं। घटना में करीब 10 लाख का नुकसान हुआ है।
लुटेरों की तलाश में पुलिस ने गठित कीं दो जांच टीमें
थाना देहरा के तहत गांव मोइन में एक व्यापारी के बेटे की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। दोनों टीमें पंजाब के विभिन्न इलाकों में छापे मार रही हैं। सूत्र बताते हैं कि पुलिस की ओर से पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान कुछ सुराग मिले हैं। माना जा रहा है कि संभवतया शेष तीन आरोपियों को पुलिस शीघ्र पकड़ लेगी। पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी।
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे पांच-छह अज्ञात युवकों ने चिंतपूर्णी के व्यापारी केसर गर्ग के छोटे बेटे की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद युवक की अस्पताल जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई थी। बुधवार दोपहर तीन बजे दो बाइकों और एक कार में करीब छह युवक मोइन समनोली बाईपास से व्यापारी केसर गर्ग के घर के पिछले गेट से घर में घुसे। सबसे पहले वे एक महिला किराएदार के कमरे में गए। महिला को बंदी बनाकर लूटपाट की। उसके बाद पांच लुटेरे सीढ़ियां चढ़कर व्यवसायी केसर गर्ग के घर के अंदर दाखिल हो गए और परिवार के सदस्यों को बंदूकें दिखाकर घर में लूटपाट की।
सभी युवक घर से बाहर जाने लगे तो व्यापारी के छोटे बेटे तुषार के साथ लुटेरों की हाथापाई हो गई। तुषार ने इन युवकों में एक को धक्का मारकर लेंटर पर गिरा दिया। मामला बिगड़ता देख लुटेरों ने तुषार पर गोली चला दी। इसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त युवक की मौत हो गई थी। उधर, डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने बताया कि जांच टीम पंजाब पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापे मार रही है। शीघ्र आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।