तीन बच्चों समेत खुदकुशी करने वाली जिप सदस्य की मौत बनी पहेली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो जुड़वां बेटियों और बेटे के साथ खुदकुशी करने वाली जिला परिषद सदस्य रितु पराशर की मौत पहेली बनकर रह गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में माली हालत ठीक न होने को वजह माना जा रहा है। रितु के पति चिंतपूर्णी के आसपास के गांवों में टीवी केबल का काम चलाते हैं। जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों के गले से यह बात नहीं उतर रही।
इनका कहना है कि रितु ऐसा कर ही नहीं सकती। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि बीते शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारी एवं जिला परिषद सदस्य रितु पराशर (38) ने ज्वालामुखी के एक निजी होटल में दोपहर करीब 3 बजे किराये पर कमरा लिया। रात करीब 9:30 बजे बेटी आस्था (12), प्रार्थना (12) और बेटे रुद्राक्ष (7) के साथ सल्फास निगल लिया।
दुर्गंध आने पर होटल वालों को इसका पता चला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सल्फास की तीन बोतलें मिलीं। दो बोतलें खाली और एक पैक थी। शवों के पास सुसाइड नोट नहीं था। पुलिस ने चारों शवों के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। रितु के मोबाइल फोन कॉल डिटेल की जानकारी ली जा रही है। होटल में सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।
नहीं था घरेलू विवाद
पुलिस रितु के माता-पिता और ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। रितु के पति ने पुलिस को किसी घरेलू विवाद होने से साफ इंकार किया है। ज्वालामुखी पुलिस पूछताछ के लिए रितु के मायके ऊना रवाना हो गई है। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
निर्दलीय जीतकर कांग्रेस में आई थीं रितु
देहरा उपमंडल के समनोली की रहने वाली रितु पराशर एक साल पहले ही राजनीति में आई थीं। रितु बणी वार्ड से निर्दलीय जीतकर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव के दौरान वह अध्यक्ष बनते बनते रह गई थीं।