तड़के सुबह महिलाकर्मी की हत्या, चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कांगड़ा के नूरपुर शहर में एक महिला की दर्दनाक हत्या कर दी गई। हत्यारे ने चाकू से गोदकर महिला को मौत के घाट उतार दिया। मामला शहर के वार्ड नंबर 9 का है जहां 45 साल की कमल कौर नाम की महिला की हत्या कर दी गई है।
यह महिला यहां किराए के घर में रहती थी। मृतक महिला नगरोटा सूरियां ब्लॉक के स्पेल पंचायत की रहने वाली बताई जा रही है। यह स्थानीय गर्ल्स स्कूल नूरपुर में लाइब्रेरी असिस्टेंट के तौर पर कार्यरत थी। हत्या सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है।
हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अकेली थी महिला, चीख सुनते ही मौके पर पहुंचे लोग
पुलिस के अनुसार यह घर हमेशा खाली रहता था और यह महिला अकेली ही यहां किरायेदार थी। कातिल को इस बात की पूरी जानकारी थी और अकेला पाकर ही महिला को मौत के घाट उतार दिया गया।
सुबह जब महिला की चीखने की आवाज सुनकर लोग वहां पहुंचे तो हत्यारा वहां से भाग गया। बाद में लोगों ने नूरपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी नूरपुर मेघनाथ का कहना है कि मामले में हर पहलु की जांच की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया है। हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।