55 मिनट में विजिलेंस ने अनुराग से पूछे 40 सवाल!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला में होटल पवेलियन के लिए पेड़ों के कटान और धर्मशाला स्टेडियम के साथ लगती 720 वर्ग मीटर सरकारी भूमि कब्जाने के मामले में स्टेट विजिलेंस ने सांसद अनुराग ठाकुर से पूछताछ की।
भाजपा सांसद व एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर सुबह ठीक नौ बजे धर्मशाला स्थित विजिलेंस दफ्तर पहुंचे। यहां मौजूद जांच अधिकारी ने इनसे इन दोनों मामलों के संबंध में पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि अनुराग से कुल 40 सवाल पूछे गए जिनका उन्होंने जवाब दिया। नौ बजकर 55 मिनट पर अनुराग जवाब देकर वापस लौट गए।
विजिलेंस ने पूछा, किसकी अनुमति से गिराया हॉस्टल
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान भाजपा सांसद से सबसे पहले धर्मशाला कॉलेज के हॉस्टल गिराने को लेकर पूछताछ की गई। जांच अधिकारी ने पूछा कि आखिर किस समिति की अनुमति के बाद यह हॉस्टल गिराया गया।
गौरतलब है कि जो हॉस्टल गिराया गया, उसकी कुछ दिन पहले ही मरम्मत करवाई गई थी। लेकिन एक कमेटी ने इसे असुरक्षित बताकर इसे गिराने का फैसला लिया।
कांग्रेस सरकार ने इस पर सवाल उठाए कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि कुछ दिन के भीतर ही इसे गिराना पड़ गया। आरोप लगा कि एचपीसीए ने सरकार की मदद से इसे अपने कब्जे में लिया है।
पेड़ कटान को लेकर भी अनुराग जवाब तलब
इसके अलावा होटल पवेलियन से जुड़े सवाल भी पूछे गए। इनमें पूछा गया कि आखिर किसकी अनुमति से पेड़ काटकर यह होटल बनाया गया है।
इनका जवाब देने के बाद जांच अधिकारी ने बयान दर्ज किए। इससे पहले विजिलेंस ने अनुराग को पूछताछ के लिए 2 जून को बुलाया गया था। मगर वह 2 जून की व्यस्तता के कारण सांसद शनिवार को ही पेश हो गए।
उधर, इस पूछताछ से एक दिन पहले यानि शुक्रवार को विजिलेंस मुखिया पृथ्वीराज मुख्य सचिव पी मित्रा से भी मिले थे।
बाली के हमले के बाद बैकफुट पर विजिलेंस
उधर, परिवहन मंत्री जीएस बाली के बयानों के बाद स्टेट विजिलेंस बैकफुट पर चली गई है। कोई भी अधिकारी मामले से जुड़ी जानकारी देने को राजी नहीं है।
गौरतलब है कि बाली ने कहा था कि जांच एजेंसी महज एक केस पकड़ कर बैठी है। बाकी भ्रष्टाचार के मामलों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सूत्र कहते हैं कि परिवहन मंत्री जीएस बाली के इस बयान पर विजिलेंस ने मुख्य सचिव से भी चर्चा की है। बाली कांग्रेस चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष थे। माना जा रहा है कि अब विजिलेंस दूसरे मामलों में भी जांच तेज कर सकती है।