बिहार क्राइम: प्रेम प्रसंग के शक में नाबालिग की हत्या, पोखर में जलकुंभी के बीच मिला शव
मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के शक में 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी आरोपी ने कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर किशोर की हत्या कर दी और शव को पास के पोखर में फेंक दिया।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के शक में एक 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले किशोर की कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पास के एक पोखर में फेंक दिया गया। पुलिस ने जलकुंभी के बीच से किशोर का शव बरामद किया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, किशोर की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गेहूं पिसाने निकला था किशोर, फिर नहीं लौटा
मृतक की मां ने बताया कि उन्होंने सोमवार को कटरा थाने में अपने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि किशोर रविवार शाम करीब सात बजे राजाडीह पुल के पास गेहूं पिसाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसी पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने उसके घर की तलाशी ली तो वहां से लापता किशोर की साइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
लंबी पूछताछ में हत्या की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार, करीब 12 से 15 घंटे की पूछताछ के बाद आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी टेंट हाउस का कारोबार करता है। पड़ोसी होने के कारण किशोर अक्सर उसके काम में हाथ बंटाता था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रविवार रात घर पहुंचने पर उसने किशोर को अपनी बेटी के साथ देखा। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया। आरोप है कि उसने गमछे से किशोर का गला घोंट दिया और हत्या के बाद शव को पास के एक पोखर में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पोखर से शव बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पोखर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जलकुंभी के बीच से किशोर का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। मृतक के पिता फिलहाल राजस्थान में मजदूरी करते हैं और वहीं से परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी, जांच जारी
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और बेटी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा कर लिया गया है। अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।