टॉयलेट की खिड़की तोड़कर पुलिस कस्टडी से भागा कैदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोर्ट परिसर में टॉयलेट की खिड़की और सरिया तोड़कर हत्या और लूटपाट का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। मामला हिमाचल के सोलन जिले के कोर्ट परिसर नालागढ़ का है। कैदी को ऊना जेल से नालागढ़ अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। कैदी के फरार होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
चारों ओर नाकाबंदी की गई लेकिन कैदी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। आरोपी पर नालागढ़ थाने में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक कैदी सुनील कुमार उर्फ सोनू पुत्र बग्गाराम, निवासी गांव कूनप्लेट, तहसील नालागढ़, जिला सोलन पर 5 जनवरी, 2016 को नालागढ़ थाना में आईपीसी की धारा 396, 201,
120बी और 4 मई, 2016 को आईपीसी की धारा 223 और 224 के तहत मुकदमे दर्ज हैं। लूटपाट, कत्ल और मारपीट जैसी संगीन धाराओं में शातिर के खिलाफ मामले दर्ज हैं। मामला अदालत में विचाराधीन है। ऊना जेल से शुक्रवार सुबह पुलिस कर्मी उसे नालागढ़ कोर्ट लाए थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
सुबह करीब 9:45 बजे कैदी अदालत परिसर में बने शौचालय में शौच करने के बहाने से गया। शौचालय की खिड़की का सरिया और खिड़की तोड़कर वहां से फरार हो गया। काफी देर तक कैदी शौचालय से बाहर नहीं आया तो पुलिस कर्मियों ने टॉयलेट का दरवाजा खोला। आरोपी कैदी वहां से फरार हो चुका था।
आरोपी के फरार होने के बाद तुरंत कैदी की तस्वीर उसकी डिस्क्रिप्शन के साथ सोशल साइट पर डाली गई ताकि उसे पकड़ने में मदद मिल सके। उसकी धरपकड़ को पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर जाल बिछाया है। सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया है। जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
डीएसपी नालागढ़ डॉ. साहिल अरोड़ा ने कहा कि फरार कैदी की धरपकड़ को पुलिस ने नाकेबंदी की है। जगह-जगह गश्त लगाई जा रही है। कहा कि पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई का अधिकार जिला ऊना पुलिस के पास है। उधर, ऊना के एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि इस तरह का मामला उनके ध्यान में आया है। इसकी छानबीन की जा रही है।