भाई को मौत के मुंह से बाहर लाई 6 साल की जसविंद्र
वह छह साल की जरूर है लेकिन उसने एक ऐसा काम कर दिखाया जिसे हर कोई नहीं कर सकता। मौत के मुंह में जा रहे अपने भाई को वह वापस ले आई। समझदारी दिखाते हुए इस मासूम ने अपने भाई को एक नया जीवन दे दिया।
मामला हिमाचल के बद्दी के बागी गांव का है। यहां छह साल की मासूम बच्ची ने अपने छोटे भाई की जान बचा ली। चार साल का उसका भाई मंगलम करीब दस फुट गहरे सिंचाई के टैंक में गिर गया था। हालांकि, पानी में ज्यादा पानी नहीं था मगर फिर भी उसकी जान जा सकती थी।
टैंक में भाई के गिरते ही छह वर्षीय जसविंदर ने हिम्मत दिखाई और लोहे की सीढ़ियों से जैसे-जैसे नीचे उतर गई। इसके बाद उसे उठाकर टैंक से बाहर ले आई। यदि समय पर ऐसा न होता तो मंगलम की जान को खतरा हो सकता था।
लौटते वक्त हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार दोनों भाई बहन नव ज्योति मॉडर्न स्कूल चंडी से मंगलवार छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। चार वर्षीय कुमार मंगलम नर्सरी और जसविंदर दूसरी कक्षा की छात्रा है।
इसी दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर पहले ही कुमार मंगलम रास्ते में बने सिंचाई टैंक में गिर गया। हादसे में बच्चे के सिर में चोटें आई हैं। जसविंदर ने हिम्मत दिखाते हुए अपने छोटे भाई को टैंक से निकालकर जैसे-तैसे घर पहुंचाया।
उसके बाद बच्चे की मां कृष्णा देवी उसे निजी चिकित्सक के पास ले गई। चिकित्सक विनोद कुमार का कहना है कि बच्चे को हल्की चोटें आई थीं, अब वह ठीक है। गोयला पंचायत प्रधान ब्रह्मी देवी ने घटना की पुष्टि की है।